दिल्ली में सप्ताह में 2 दिन Work From Home लागू, हर सोमवार मंत्री-अधिकारी करेंगे मेट्रो से सफर
14 मई 2026 | नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और संसाधनों के संयमित उपयोग की अपील के बाद रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। “मेरा भारत, मेरा योगदान” अभियान के तहत दिल्ली में सरकारी कर्मचारियों के लिए सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम लागू किया जाएगा, जबकि प्राइवेट सेक्टर के लिए भी एडवाइजरी जारी करने की तैयारी है। इसके साथ ही हर सोमवार को “मेट्रो मंडे” के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें मंत्री और अधिकारी मेट्रो से सफर करेंगे।
पेट्रोल-डीजल बचत के लिए बड़े फैसले
दिल्ली सरकार ने सरकारी वाहनों के उपयोग में भी कटौती का फैसला किया है। अधिकारियों को मिलने वाले मासिक 200 लीटर पेट्रोल को 20 प्रतिशत तक कम किया गया है। इसके अलावा अगले 6 महीनों तक कोई नया सरकारी वाहन नहीं खरीदा जाएगा। सरकार ने लोगों से सप्ताह में एक दिन “नो व्हीकल डे” मनाने की अपील भी की है।
बदला गया ऑफिस टाइम
दिल्ली की सड़कों पर ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए सरकारी कार्यालयों के समय में भी बदलाव किया गया है। दिल्ली सरकार के दफ्तर अब सुबह 10:30 बजे से शाम 7 बजे तक खुलेंगे, जबकि दिल्ली नगर निगम (MCD) के कार्यालय सुबह 8:30 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होंगे।
ऊर्जा संकट के बीच शुरू हुआ अभियान
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों और ऊर्जा संकट को देखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है। सरकार का उद्देश्य ईंधन की खपत कम करना, ट्रैफिक दबाव घटाना और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना है।
Hindi 






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































