# Tags
#राज्य

रायपुर में नकली पनीर फैक्ट्री का भंडाफोड़: पाम ऑयल और दूध पाउडर से तैयार हो रहा था फर्जी पनीर, होटलों-ढाबों तक होती थी सप्लाई

image editor output image1947512980 1781012332376

रायपुर, 9 जून 2026

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नकली पनीर बनाने वाली फैक्ट्री का बड़ा भंडाफोड़ हुआ है। स्वास्थ्य विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शंकर नगर क्षेत्र में छापा मारकर बड़ी मात्रा में नकली पनीर, कच्चा माल, थर्माकोल बॉक्स और पैकिंग सामग्री जब्त की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यहां पाम ऑयल, फैट के डल्ले और दूध पाउडर से पनीर जैसा उत्पाद तैयार कर बाजार में बेचा जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री संचालक रामानंद बाघ ने एनालॉग उत्पाद बनाने का लाइसेंस लिया हुआ था, लेकिन आरोप है कि वह कम लागत में उत्पाद तैयार कर उसे पनीर के रूप में बेच रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि उत्पादों को अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार और पैक किया जा रहा था।

बताया जा रहा है कि तैयार माल को पॉलीथिन में पैक कर राजधानी के कई होटलों, ढाबों और सप्लाई चैनलों के माध्यम से बाजार में भेजा जाता था। कुछ खेपों की आपूर्ति पड़ोसी राज्य ओडिशा तक किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। फैक्ट्री संचालक के अनुसार एक किलो उत्पाद तैयार करने में करीब 180 रुपये लागत आती थी, जबकि इसे 240 से 250 रुपये प्रति किलो तक बेचा जाता था।

फैक्ट्री से बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त

छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने नकली पनीर के अलावा बड़ी मात्रा में कच्चा माल, पैकिंग सामग्री और थर्माकोल बॉक्स जब्त किए। विभागीय टीम ने विभिन्न उत्पादों के सैंपल जांच के लिए संग्रहित किए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

जांच में मिलीं कई अनियमितताएं

अधिकारियों ने फैक्ट्री संचालक से लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेज भी मांगे। प्रारंभिक जांच में कई अनियमितताओं के संकेत मिले हैं। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने बताया कि किसी भी खाद्य उत्पाद की पैकेजिंग पर उपयोग की गई सामग्री, पोषण संबंधी जानकारी, निर्माण तिथि और समाप्ति तिथि जैसी जानकारियां अनिवार्य रूप से दर्ज होनी चाहिए, लेकिन यहां नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था।

खाद्य सुरक्षा विभाग अब पूरे मामले की जांच कर रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *