रायपुर,7 अक्टूबर 2026
राजधानी के बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में 7 और 8 अक्टूबर को राज्य स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। रोजगार विभाग द्वारा आयोजित इस मेले में 72 से अधिक कंपनियां 11,700 पदों पर युवाओं की भर्ती करेंगी।
रोजगार विभाग के सहायक संचालक केदार पटेल के अनुसार, इन रिक्तियों में करीब आधे पद छत्तीसगढ़ और आधे राज्य के बाहर के लिए हैं। पद और योग्यता के आधार पर चयनित युवाओं को 10 हजार से 50 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिल सकता है।
मेले में 10वीं और 12वीं पास, आईटीआई, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक, MBA और MCA पास युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध हैं। कंपनियां फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रीशियन, मशीन ऑपरेटर, मैकेनिकल इंजीनियर, सर्विस इंजीनियर, सिक्योरिटी गार्ड, डिलीवरी और केयरटेकर जैसे पदों पर भर्ती करेंगी।
नर्सिंग के पदों के लिए अनुभव के आधार पर 7 हजार से 35 हजार रुपये तक वेतन दिया जाएगा। चयनित युवाओं को छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, रायगढ़, अंबिकापुर, जशपुर, धमतरी, महासमुंद, राजनांदगांव और कवर्धा सहित विभिन्न जिलों में काम करने का मौका मिलेगा।
इसके अलावा गुजरात, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी विभिन्न पदों के लिए रिक्तियां उपलब्ध हैं।
ऑनलाइन आवेदन जरूरी
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए युवाओं को 7 अक्टूबर तक ई-रोजगार पोर्टल पर जाकर ‘रोजगार इच्छुक लॉगिन’ विकल्प से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है। आवेदन के बाद ही युवा निर्धारित तारीख और समय पर मेला स्थल पर उपस्थित हो सकेंगे।
विभाग के अनुसार, नियुक्ति मिलने के बाद तीन महीने तक चयनित युवाओं का फॉलोअप भी किया जाएगा, ताकि रोजगार की स्थिति और नियुक्ति से जुड़ी जानकारी की निगरानी की जा सके।


