रायपुर,23 नवम्बर 2026

छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जोड़ने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में उच्च शिक्षा विभाग और गूगल फॉर एजुकेशन के बीच एमओयू (समझौता ज्ञापन) किया गया है। इस साझेदारी के तहत महाविद्यालयों में शिक्षण, अनुसंधान और प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए शिक्षकों और विभागीय कर्मचारियों को एआई तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इस अवसर पर 23 नवंबर को रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में एमओयू हस्ताक्षर एवं एआई प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि एआई शिक्षकों का विकल्प नहीं, बल्कि उनकी कार्यक्षमता, रचनात्मकता और शिक्षण प्रभावशीलता को कई गुना बढ़ाने वाला सशक्त माध्यम है।

मंत्री वर्मा ने कहा कि वर्तमान समय ज्ञान, नवाचार और तकनीक का है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में शिक्षा व्यवस्था को व्यापक रूप से बदलने की क्षमता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार उच्च शिक्षा में आधुनिक तकनीक के उपयोग को प्रोत्साहित कर रही है।

शिक्षण और शोध कार्यों में मिलेगी AI की मदद

उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि एआई तकनीक की सहायता से प्राध्यापक बहुभाषी अध्ययन सामग्री तैयार कर सकेंगे। इसके अलावा जटिल विषयों को सरल और रोचक तरीके से समझाने, बेहतर पाठ योजनाएं बनाने, विद्यार्थियों के मूल्यांकन और फीडबैक को प्रभावी बनाने तथा शोध कार्यों में नई संभावनाओं का उपयोग करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जैसे विविध भाषाई, सामाजिक और भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में यह तकनीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। एक अच्छा शिक्षक केवल जानकारी नहीं देता, बल्कि विद्यार्थियों में सोचने, समझने और सवाल करने की क्षमता भी विकसित करता है। एआई शिक्षकों की इसी भूमिका को और मजबूत बनाने में सहायक होगा।

सरकारी कार्यालयों के कामकाज में भी आएगी तेजी

इस पहल का लाभ केवल शिक्षकों और विद्यार्थियों तक सीमित नहीं रहेगा। महाविद्यालयों और विभागीय कार्यालयों में कार्यरत गैर-शिक्षकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी इसका लाभ मिलेगा। एआई की सहायता से पत्राचार, दस्तावेज तैयार करने, सूचनाओं के विश्लेषण और अन्य कार्यालयीन कार्यों को सरल एवं व्यवस्थित बनाया जा सकेगा। इससे समय की बचत के साथ प्रशासनिक कार्यक्षमता और गुणवत्ता में सुधार होगा।

22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षकों को प्रशिक्षण

इस कार्यक्रम के तहत प्रारंभिक कार्यशाला में रायपुर जिले के 22 महाविद्यालयों के 500 से अधिक शिक्षकों और अधिकारियों को एआई तकनीक के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके साथ ही उच्च शिक्षा संचालनालय के 50 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी भी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

प्रारंभिक प्रशिक्षण के बाद विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए 10 ऑफलाइन प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे। आवश्यकता के अनुसार ऑनलाइन प्रशिक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

AI के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग पर जोर

मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य केवल तकनीकी जानकारी देना नहीं, बल्कि महाविद्यालयों और कार्यालयों की दैनिक शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों में इसका वास्तविक उपयोग सुनिश्चित करना है। उन्होंने शिक्षकों और अधिकारियों से तकनीकी बदलाव को सकारात्मक रूप से अपनाने तथा संस्थानों में नवाचार और एआई के प्रति जागरूकता विकसित करने का आह्वान किया।

उन्होंने एआई के सुरक्षित और जिम्मेदार इस्तेमाल पर जोर देते हुए कहा कि एआई से प्राप्त प्रत्येक जानकारी सही हो, यह जरूरी नहीं है। इसलिए किसी भी जानकारी का शैक्षणिक या प्रशासनिक उपयोग करने से पहले उसका परीक्षण और सत्यापन अवश्य किया जाना चाहिए।

मंत्री ने विश्वास जताया कि गूगल फॉर एजुकेशन के साथ यह साझेदारी छत्तीसगढ़ की उच्च शिक्षा व्यवस्था में तकनीकी नवाचार के नए अवसर खोलेगी। राज्य सरकार उच्च शिक्षा को ज्ञान, नवाचार, तकनीकी दक्षता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण के नए आयाम तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, उच्च शिक्षा आयुक्त रीता यादव, रूंगटा इंटरनेशनल स्किल्स यूनिवर्सिटी भिलाई के कुलपति डॉ. जवाहर सुरीसेट्टी, गूगल फॉर एजुकेशन की डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन लीड (इंडिया) ईशा पोरवाल जैन सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, महाविद्यालयों के प्राचार्य, प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, ग्रंथपाल, क्रीड़ाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts