रायपुर,23 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ के सात दिवसीय भ्रमण पर आए छह राज्यों के 150 युवाओं ने सोमवार को उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव से मुलाकात की। भारत सरकार के ‘वंदे मातरम शिविर’ के तहत त्रिपुरा, महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से आए इन युवाओं ने सप्ताहभर के प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ की संस्कृति, कला, खानपान, इतिहास, पुरातात्विक विरासत और विकास कार्यों को करीब से जाना। प्रवास के अंतिम दिन युवाओं ने नवा रायपुर स्थित उप मुख्यमंत्री के निवास कार्यालय में उनसे अपने अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता में एकता है। देश में हर 20-25 किलोमीटर पर भाषा, खानपान और पहनावे में बदलाव देखने को मिलता है, लेकिन इन विविधताओं के बावजूद हम सभी एक हैं। भाषा और भौगोलिक सीमाएं कभी हमारी एकता के आड़े नहीं आईं। उन्होंने कहा कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को साकार करना ही वंदे मातरम शिविर का मूल उद्देश्य है।
2047 तक विकसित भारत बनाने की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण और उसका नेतृत्व करने की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी के कंधों पर होगी। देश के युवाओं में इतनी योग्यता, क्षमता और आत्मविश्वास है कि वे भारत को विश्व में अग्रणी बना सकते हैं। उन्होंने युवाओं से देश की संस्कृति, सभ्यता और गौरव के प्रति सम्मान रखते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सात दिनों के इस शिविर से युवा केवल अनुभव लेकर नहीं लौट रहे, बल्कि अपने साथ जीवनभर काम आने वाली अनमोल पूंजी लेकर जा रहे हैं। यहां मिले अनुभव उन्हें कठिन परिस्थितियों का सामना करने की ताकत और आत्मविश्वास देंगे। उन्होंने कहा कि इस शिविर में युवाओं ने केवल 200 दोस्त नहीं बनाए, बल्कि देशभर में 200 नए परिवारों से रिश्ते जोड़े हैं। यही आपसी स्नेह और जुड़ाव भारत की वास्तविक ताकत है।
युवाओं को बताया सफलता का मंत्र
श्री साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस लक्ष्य को हासिल करने की सबसे बड़ी शक्ति युवा हैं। यदि युवा एकजुट होकर देश का गौरव बढ़ाने के लिए काम करें, तो भारत को विश्व गुरु बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।
नई शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं को आधुनिक शिक्षा के साथ देश की संस्कृति, सभ्यता, संस्कार, अध्यात्म और परंपराओं का ज्ञान भी होना चाहिए। नई शिक्षा नीति में इन विषयों को शामिल करने से युवा अपनी सांस्कृतिक विरासत को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।
युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जीवन में चुनौतियां आती रहती हैं। सफलता उसी को मिलती है, जिसमें आत्मविश्वास, धैर्य और विपरीत परिस्थितियों से मुकाबला करने का साहस होता है। निराशा और कठिनाइयों से घबराने के बजाय संघर्ष करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने युवाओं से शिविर से मिली ऊर्जा, उत्साह और वंदे मातरम की भावना को जीवनभर बनाए रखने की अपील की। इस दौरान मेरा युवा भारत (MY Bharat) के राज्य समन्वयक अर्पित तिवारी भी मौजूद रहे।
सिरपुर से विधानसभा तक, युवाओं ने देखी छत्तीसगढ़ की विरासत
मेरा युवा भारत, रायपुर द्वारा 17 से 23 नवंबर 2026 तक आयोजित सात दिवसीय वंदे मातरम शिविर में छह राज्यों के कुल 150 युवाओं ने हिस्सा लिया। शिविर का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक एकता, सामाजिक सेवा की भावना और आधुनिक जीवन कौशल विकसित करना था। इसके साथ ही डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा और उद्यमिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जागरूकता बढ़ाई गई।
प्रवास के दौरान युवाओं ने राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने सिरपुर, नवा रायपुर स्थित आदिवासी संग्रहालय, शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, पुरखौती मुक्तांगन और छत्तीसगढ़ विधानसभा का भ्रमण किया। इन स्थानों के माध्यम से युवाओं ने प्रदेश के इतिहास, कला, संस्कृति, पुरातात्विक विरासत और विकास को समझा।
सियान गुड़ी में बुजुर्गों और बालिकाओं के साथ बिताया समय
शिविर के दौरान युवाओं ने रायपुर स्थित सियान गुड़ी (वृद्धाश्रम एवं बालिका गृह) का भ्रमण किया और वहां बुजुर्गों एवं बालिकाओं के साथ समय बिताया। इसके अलावा डिजिटल साक्षरता, साइबर अपराध से बचाव और उद्यमिता पर संवादात्मक सत्र आयोजित किए गए।
शिविर में जेठौनी तिहार (तुलसी विवाह) की झलकियां, रंगोली प्रतियोगिता, विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और खाद्य महोत्सव भी आयोजित किए गए। खाद्य महोत्सव में अलग-अलग राज्यों के पारंपरिक व्यंजनों के माध्यम से युवाओं ने एक-दूसरे की खानपान परंपराओं और सांस्कृतिक विविधताओं को जाना।
इस सात दिवसीय शिविर ने विभिन्न राज्यों के युवाओं को एक-दूसरे की संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली को समझने का अवसर दिया। साथ ही राष्ट्रीय एकता, आपसी भाईचारे और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी का संदेश भी दिया।


