कोंडागांव/रायपुर, 23 नवंबर 2026
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज कोंडागांव जिले के ग्राम धनोरा में विकास कार्यों की बड़ी सौगात देते हुए 132 करोड़ 69 लाख 43 हजार रुपये की लागत के 49 विकास कार्यों का लोकार्पण, भूमिपूजन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 2 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया। साथ ही वनांचल के किसानों की उपज को नई बाजार पहचान दिलाने के लिए ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने 84 गांवों के आराध्य पेन खण्डा मुदिया के दर्शन-पूजन कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता है कि विकास का लाभ प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांवों और प्रत्येक परिवार तक पहुंचे। दूरस्थ वनांचलों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने और ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के नए अवसर प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय संसाधनों, पारंपरिक कृषि पद्धतियों और ग्रामीण प्रतिभाओं को नए अवसरों से जोड़कर आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ का निर्माण किया जा सकता है।
56 गांवों के 56 हजार ग्रामीणों को मिलेगी स्वास्थ्य सुविधाएं
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने धनोरा में 2.50 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया। इस स्वास्थ्य केंद्र से धनोरा सहित आसपास के 56 गांवों के लगभग 56 हजार ग्रामीणों को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य केंद्र शुरू होने से ग्रामीणों को सामान्य बीमारियों के उपचार, स्वास्थ्य जांच और अन्य आवश्यक चिकित्सा सेवाओं के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को स्थानीय स्तर पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
अब तक क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय तक जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों खर्च होते थे। नए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से दूरस्थ वनांचल में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा और हजारों परिवारों को राहत मिलेगी।
‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ से 730 किसानों को मिलेगी नई बाजार पहचान
मुख्यमंत्री ने ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड का शुभारंभ कर वनांचल के किसानों की उपज को संगठित बाजार से जोड़ने की पहल की। इसके माध्यम से ग्राम बेचा, किलम, कड़ेनार और मंदोड़ा के लगभग 730 किसानों द्वारा पारंपरिक तरीके से उत्पादित धान को नई पहचान दिलाई जाएगी।
इन गांवों के किसान लंबे समय से प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक कृषि पद्धतियों के आधार पर बिना रासायनिक खाद के धान की खेती कर रहे हैं। हालांकि बाजार तक सीमित पहुंच के कारण उन्हें अपनी उपज का अपेक्षित मूल्य नहीं मिल पाता था।
अब जिला प्रशासन की पहल पर किसानों के धान का संग्रहण, प्रसंस्करण, ग्रेडिंग और आकर्षक पैकेजिंग कर उसे ‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ ब्रांड के नाम से बाजार में उपलब्ध कराया जाएगा। इससे स्थानीय उत्पादों को अलग पहचान मिलेगी और किसानों को बेहतर मूल्य प्राप्त करने के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही बिचौलियों पर निर्भरता कम करने और मूल्य संवर्धन का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
धान प्रसंस्करण से लेकर विपणन तक जिम्मेदारी संभालेंगी बिहान की दीदियां
‘कोंडानार प्रीमियम राइस’ परियोजना में किसानों के साथ ग्रामीण महिलाओं की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत उड़ान प्रोड्यूसर महिला कृषक कंपनी को धान के संग्रहण, प्रसंस्करण, गुणवत्ता प्रबंधन, पैकेजिंग और विपणन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
बिहान से जुड़ी स्वसहायता समूह की महिलाएं इस पूरी प्रक्रिया में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। इससे उन्हें कृषि आधारित उद्यमिता और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। स्थानीय स्तर पर रोजगार बढ़ने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
यह पहल किसानों की उपज को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे कोण्डागांव की पारंपरिक कृषि विरासत को भी नई पहचान मिलेगी।
पेन खण्डा मुदिया के दर्शन कर मुख्यमंत्री ने की खुशहाली की कामना
धनोरा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बाजार पारा स्थित कोनगुड़ परगना के प्रमुख आराध्य पेन खण्डा मुदिया के श्रद्धापूर्वक दर्शन और पूजा-अर्चना की। उन्होंने आदिवासी समाज की पारंपरिक धार्मिक मान्यताओं एवं रीति-रिवाजों के अनुरूप पूजा कर प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।
पेन खण्डा मुदिया बस्तर अंचल के आदिवासी समाज की गहरी आस्था और सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। कोनगुड़ परगना के अंतर्गत आने वाले 84 गांवों के ग्रामीण उन्हें अपना प्रमुख आराध्य मानते हैं। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार उन्हें ‘18 जिलों के राजा’ के रूप में भी श्रद्धा और सम्मान दिया जाता है।
पेन खण्डा मुदिया के प्रति आदिवासी समाज की आस्था पीढ़ियों से चली आ रही है। यह परंपरा समाज को अपने पुरखों, सांस्कृतिक मूल्यों और धार्मिक मान्यताओं से जोड़ती है। मरई परिवार पेन खण्डा मुदिया के पारंपरिक सेवक हैं और क्षेत्र की बारा बानी बिरादरी के सदस्य उनकी सेवा-अर्जी में श्रद्धा के साथ शामिल होते हैं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने आदिवासी समाज की धार्मिक आस्थाओं और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि बस्तर की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं छत्तीसगढ़ की अनमोल धरोहर हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
पारंपरिक साफा बांधकर आदिवासी समाज ने किया मुख्यमंत्री का स्वागत
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के धनोरा पहुंचने पर आदिवासी समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका आत्मीय स्वागत किया। समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के सिर पर पारंपरिक साफा बांधकर उनका सम्मान किया। इस दौरान आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं, आत्मीयता और अतिथि सत्कार की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में वन मंत्री श्री केदार कश्यप, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप, कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग, बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोण्डागांव विधायक सुश्री लता उसेंडी, केशकाल विधायक श्री नीलकंठ टेकाम, बस्तर आईजी श्री बी.एन. मीणा, कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक श्री पंकज चन्द्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
इस तरह धनोरा में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, किसानों की उपज के मूल्य संवर्धन, महिला सशक्तीकरण और आदिवासी संस्कृति के संरक्षण की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहल की गईं।


