रायपुर, 23 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और किसान हितैषी बनाने के लिए प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। इसी कड़ी में अपर मुख्य सचिव एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी सचिव मनोज कुमार पिंगुआ ने बिरकोना, सेंदरी, सेमरताल, रानीगांव और सैदा धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी स्तर पर गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल भी मौजूद रहे।
निगरानी समिति के नाम और मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने के निर्देश
प्रभारी सचिव श्री पिंगुआ ने चेकलिस्ट के अनुरूप खरीदी केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि निगरानी समिति के सदस्यों के नाम और मोबाइल नंबर केंद्रों में प्रमुखता से प्रदर्शित किए जाएं। साथ ही नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन खरीदी केंद्रों का निरीक्षण करने के लिए कहा।
उन्होंने अपने सामने इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की जांच भी कराई, ताकि तौल व्यवस्था की पारदर्शिता और सटीकता सुनिश्चित की जा सके।
बारिश से प्रभावित किसानों को मिलेगा नई तारीख का टोकन
पिछले दो-तीन दिनों में हुई बारिश के कारण धान खरीदी केंद्रों में किसानों की आवक कम रही। खरीदी परिसर के फड़ गीले होने के चलते फिलहाल इक्के-दुक्के किसान ही धान बेचने पहुंच रहे हैं।
इस स्थिति को देखते हुए प्रभारी सचिव ने निर्देश दिए कि बारिश के कारण टोकन लेने के बावजूद धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को उनकी सुविधा के अनुसार आगामी तिथि का टोकन जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि मौसम की वजह से किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्रों में मौजूद किसानों से बातचीत कर आकस्मिक बारिश से फसलों पर पड़े प्रभाव की जानकारी भी ली। किसानों ने बताया कि जिन खेतों में फसल कटाई के लिए तैयार है, वहां पानी भर जाने से हार्वेस्टर के माध्यम से कटाई करने में कठिनाई हो रही है।
तिरपाल से ढका मिला धान, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश
प्रभारी सचिव ने खरीदी के बाद केंद्रों में सुरक्षित रखे गए धान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि धान को तिरपाल से ढककर रखा गया है, जिससे बारिश के कारण उसे कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान की सुरक्षा के लिए समुचित व्यवस्था लगातार बनाए रखी जाए, ताकि खरीदे गए धान को मौसम की मार से बचाया जा सके।
400 किसानों के रिकॉर्ड में त्रुटियां, 250 का हुआ सुधार
निरीक्षण के दौरान श्री पिंगुआ ने समिति स्तर पर किसानों के रिकॉर्ड में सुधार कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि रानीगांव में लगभग 400 किसानों के रिकॉर्ड में त्रुटियां थीं। इनमें से करीब 250 किसानों के रिकॉर्ड पिछले दो-तीन दिनों में सुधार लिए गए हैं। शेष लगभग 150 किसानों के रिकॉर्ड सुधार के प्रस्ताव भी राज्य शासन को भेज दिए गए हैं।
प्रभारी सचिव ने निर्देश दिए कि रिकॉर्ड सुधार का कार्य प्राथमिकता से पूरा किया जाए, ताकि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
21 क्विंटल के मान से आदान सहायता की जानकारी किसानों तक पहुंचाएं
प्रभारी सचिव श्री पिंगुआ ने मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने पर भी पूरे 21 क्विंटल के मान से आदान सहायता दिए जाने संबंधी जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस व्यवस्था की जानकारी किसानों तक स्पष्ट रूप से पहुंचाई जाए, ताकि वे शासन के इस निर्णय का लाभ उठा सकें। उन्होंने दोहराया कि धान खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता, किसानों की सुविधा और उपज की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

