रायपुर,26 नवंबर 2026
राजधानी रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के कुशालपुर में NEET की तैयारी कर रहे 17 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्र का शव उसके किराये के मकान के कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। घटनास्थल की जांच के दौरान उसके हाथ में एक युवती का प्रेम पत्र मिलने से मामला चर्चा में आ गया है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है।
मृतक की पहचान बलौदाबाजार निवासी श्रेयांश बंजारे (17), पिता हरपाल बंजारे के रूप में हुई है। वह अक्टूबर 2026 से रायपुर के कुशालपुर में किराये के मकान में रहकर एलेन कोचिंग संस्थान में NEET की तैयारी कर रहा था। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस को उसके आत्महत्या करने की सूचना मिली।
कोचिंग नहीं पहुंचा तो दोस्तों ने किया फोन
पुलिस के मुताबिक, आशंका है कि श्रेयांश ने मंगलवार देर रात आत्महत्या की होगी। बुधवार को जब वह कोचिंग नहीं पहुंचा तो उसके दोस्तों ने उसे फोन करना शुरू किया। कई बार कॉल करने के बावजूद जब कोई जवाब नहीं मिला तो दोस्त उसकी तबीयत खराब होने की आशंका में कुशालपुर स्थित किराये के मकान पहुंचे।
वहां कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दोस्तों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो श्रेयांश का शव पंखे से लटका हुआ दिखाई दिया। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
हाथ में मिला युवती का प्रेम पत्र
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस को छात्र के हाथ में एक युवती का प्रेम पत्र मिला। बताया जा रहा है कि पत्र में युवती ने उसे प्रेम संबंधों में अधिक उलझने के बजाय अपने करियर और भविष्य पर ध्यान देने की सलाह दी थी।
पुलिस इस पत्र से जुड़े तथ्यों और छात्र के व्यक्तिगत संबंधों की जानकारी जुटा रही है। हालांकि, प्रेम पत्र मिलने को आत्महत्या की वजह नहीं माना जा सकता। घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
पिता की मौजूदगी में तोड़ा गया कमरे का दरवाजा
मकान मालिक के अनुसार, श्रेयांश को सुबह और शाम टिफिन दिया जाता था। बुधवार दोपहर करीब दो बजे तक वह टिफिन लेने नहीं पहुंचा था। इसी बीच उसके दोस्त मकान पहुंचे और घटना का पता चला।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण छात्र के पिता की मौजूदगी में दरवाजा तोड़कर पुलिस अंदर दाखिल हुई और शव को नीचे उतारा।
घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्र के पिता भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के साथ फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस दोस्तों, मकान मालिक और परिजनों से पूछताछ कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही छात्र की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


