5 विभागों में भर्ती के फर्जी नियुक्ति पत्र जारी, अधिकारियों के डिजिटल सिग्नेचर का दुरुपयोग
छत्तीसगढ़ के सामान्य प्रशासन विभाग के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी होने का गंभीर मामला सामने आया है। इस कथित फर्जी आदेश में विभागीय सचिव और उप सचिव के डिजिटल हस्ताक्षरों का दुरुपयोग किया गया है। जानकारी के अनुसार, यह फर्जी पत्र कई अभ्यर्थियों तक भी पहुंच चुका है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अनुभाग अधिकारी राजपाल बघेल द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया है कि परिवहन, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, वन एवं जलवायु परिवर्तन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा स्कूल शिक्षा विभाग में भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसी दौरान 5 मार्च 2026 की तारीख वाला एक फर्जी आदेश जारी किया गया, जिसमें नियुक्ति की अनुशंसा का उल्लेख किया गया है।
फर्जी दस्तावेज में सचिव रजत कुमार और उप सचिव शिव कुमार सिंह के डिजिटल हस्ताक्षर दर्शाए गए हैं। साथ ही डाक के माध्यम से इसे अभ्यर्थियों तक भेजा गया। पत्र में चरित्र सत्यापन और विभागीय प्रशिक्षण के बाद परीक्षा उत्तीर्ण करने की शर्त पर नियुक्ति की अनुशंसा की बात कही गई है।
इस घटना के सामने आने के बाद मंत्रालय में हड़कंप मच गया है। चूंकि अब अधिकांश प्रशासनिक कार्य ऑनलाइन सिस्टम के जरिए किए जा रहे हैं और फाइलों की मूवमेंट से लेकर हस्ताक्षर तक डिजिटल माध्यम से हो रहे हैं, ऐसे में सिस्टम की सुरक्षा और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
Hindi 
























































































































































































































































































































































































