विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने घटाया अपना काफिला, ईंधन संरक्षण को लेकर प्रदेशवासियों से भी की अपील
13 मई 2026 | रायपुर
छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन संरक्षण और संसाधनों के संयमित उपयोग की अपील से प्रेरित होकर अपने प्रोटोकॉल काफिले में 4 वाहनों की कटौती करने का निर्णय लिया है। डॉ. रमन सिंह ने इसे राष्ट्रहित में उठाया गया जिम्मेदार कदम बताते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में संसाधनों का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
‘प्रधानमंत्री का संदेश हम सभी के लिए अनुकरणीय’
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जब वैश्विक हालात चुनौतीपूर्ण हैं, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने परिवार के मुखिया की तरह देशवासियों को संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया है, जो हम सभी भारतवासियों के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि ऐसे समय में प्रत्येक जनप्रतिनिधि और नागरिक का दायित्व है कि वह संयम, सादगी और जिम्मेदारी का परिचय दे।
सार्वजनिक परिवहन के उपयोग की अपील
विधानसभा अध्यक्ष ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि लोग वर्तमान परिस्थितियों को गंभीरता से समझें और आवश्यकता अनुसार संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करें। उन्होंने जहां तक संभव हो सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने और राष्ट्रहित में सहयोग की भावना से आगे आने का आग्रह किया।
ईंधन बचत को लेकर बढ़ रही पहल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील के बाद छत्तीसगढ़ में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी ईंधन संरक्षण को लेकर पहल करते नजर आ रहे हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम करने का फैसला ले चुके हैं।
Hindi 













































































































































































































































































































































































































































































































































































































