नई दिल्ली, 31 मई 2026

अमेरिका ने भारत की बढ़ती सैन्य क्षमता और रक्षा ताकत को खुलकर स्वीकार किया है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा कि भारत तेजी से अपनी सैन्य शक्ति और रक्षा उत्पादन क्षमता को मजबूत कर रहा है, जिससे हिंद महासागर क्षेत्र में शक्ति संतुलन बनाए रखने में मदद मिल रही है।

शांग्रीला डायलॉग कार्यक्रम में बोलते हुए हेगसेथ ने भारत को एक शक्तिशाली और उभरती हुई सैन्य ताकत बताया। उन्होंने कहा कि भारत अपनी सेना का लगातार आधुनिकीकरण कर रहा है और लंबी अवधि की सैन्य चुनौतियों के लिए खुद को तैयार कर रहा है।

भारत-अमेरिका रक्षा सहयोग होगा और मजबूत

अमेरिकी रक्षा मंत्री ने कहा कि अमेरिका भी अपने रक्षा उत्पादन नेटवर्क का विस्तार कर रहा है और भारत समेत कई देशों के साथ मिलकर रक्षा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत रक्षा निर्माण और तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है।

हिंद-प्रशांत क्षेत्र पर अमेरिका का फोकस

हेगसेथ ने कहा कि हिंद-प्रशांत (इंडो-पैसिफिक) क्षेत्र दुनिया का सबसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्र बन चुका है, इसलिए अमेरिका की रणनीतिक प्राथमिकताओं में यह क्षेत्र प्रमुख स्थान रखता है। हालांकि पश्चिम एशिया और यूरोप में चल रहे संघर्षों के कारण कुछ समय के लिए अमेरिकी गतिविधियां प्रभावित हुई हैं, लेकिन यह स्थिति अस्थायी है।

चीन को लेकर भी दिया संदेश

अमेरिकी रक्षा मंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल में चीन के साथ संबंधों में सुधार हुआ है, लेकिन अमेरिका अपनी और अपने सहयोगी देशों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगा। उन्होंने क्षेत्रीय देशों से रक्षा बजट बढ़ाने और सुरक्षा चुनौतियों के प्रति अधिक गंभीर होने की अपील की।

44 देशों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में दिया बयान

यह बयान एशिया के प्रमुख सुरक्षा सम्मेलन शांग्रीला डायलॉग में दिया गया, जिसमें 44 देशों के नेता, सैन्य अधिकारी, कूटनीतिज्ञ और रक्षा विशेषज्ञ शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts