केरल में RJD ने चौंकाया, कुथुपरम्बा सीट पर दर्ज की जीत; BJP तीसरे नंबर पर
05 मई 2026 | तिरुवनंतपुरम
केरल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों में एक चौंकाने वाला परिणाम सामने आया है, जहां राष्ट्रीय जनता दल ने राज्य में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए एक सीट पर जीत हासिल की है। यह जीत कुथुपरम्बा सीट से मिली, जहां RJD उम्मीदवार पी के प्रवीण ने Indian Union Muslim League की प्रत्याशी जयंती राजन को कड़े मुकाबले में 1,286 वोटों से हराया। पी के प्रवीण को कुल 70,448 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी को 69,162 वोट प्राप्त हुए।
इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी तीसरे स्थान पर रही, जिससे यह मुकाबला और अधिक चर्चा में आ गया है। बिहार केंद्रित राजनीति करने वाली RJD की केरल में जीत ने राजनीतिक विश्लेषकों को भी चौंका दिया है और यह परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है।
वहीं, केरल के समग्र नतीजों की बात करें तो राज्य की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। लंबे समय से सत्ता में रही वामपंथी दलों की पकड़ कमजोर हुई है और राज्य में सत्ता परिवर्तन के संकेत मिले हैं। इसके साथ ही यह भी चर्चा तेज हो गई है कि अब देश के किसी भी राज्य में लेफ्ट की सरकार नहीं बची है, क्योंकि पश्चिम बंगाल और त्रिपुरा के बाद केरल भी उनके हाथ से निकलता नजर आ रहा है।
यह नतीजा न केवल केरल बल्कि राष्ट्रीय राजनीति के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जहां क्षेत्रीय सीमाओं से बाहर निकलकर दल अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश कर रहे हैं।
Hindi 












































































































































































































































































































































































































































































































































































































