# Tags
#All #राजनीति

बंगाल में आज BJP विधायक दल की बैठक, मुख्यमंत्री के नाम पर लगेगी मुहर

08 मई 2026 | कोलकाता

पश्चिम बंगाल में नई सरकार गठन की प्रक्रिया आज से औपचारिक रूप से शुरू होने जा रही है। शुक्रवार को कोलकाता में दोपहर 2 बजे BJP विधायक दल की अहम बैठक आयोजित होगी, जिसमें नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लग सकती है। इस बैठक में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पर्यवेक्षक के तौर पर मौजूद रहेंगे, जबकि ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन माझी को सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है।

बैठक के दौरान BJP विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद पार्टी नेता राजभवन पहुंचकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। जानकारी के मुताबिक, 09 मई को शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसे BJP भव्य राजनीतिक आयोजन के रूप में तैयार कर रही है।

सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा देश के लगभग 20 राज्यों के मुख्यमंत्री और NDA के वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

वहीं दूसरी ओर तमिलनाडु की राजनीति में भी सरकार गठन को लेकर हलचल तेज है। TVK प्रमुख विजय को समर्थन देने को लेकर CPI और CPM आज बैठक कर सकती हैं। TVK और कांग्रेस गठबंधन के पास फिलहाल 112 विधायकों का समर्थन बताया जा रहा है और बहुमत के लिए उन्हें कुछ और विधायकों की जरूरत है। लेफ्ट दलों के पास 4 विधायक हैं, जबकि VCK ने भी समर्थन को लेकर शर्तें रखी हैं।

केरल में भी कांग्रेस के भीतर मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर मंथन जारी है। AICC पर्यवेक्षक मुकुल वासनिक और अजय माकन ने गुरुवार को कांग्रेस विधायकों से मुलाकात कर उनकी राय ली थी। कांग्रेस नेतृत्व अब मुख्यमंत्री चयन को लेकर अंतिम निर्णय की तैयारी में जुटा है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *