# Tags
#All #राजनीति

CPI, CPM और VCK के फैसले पर टिका TVK का भविष्य, DMK-AIADMK गठबंधन की चर्चा तेज

08 मई 2026 | चेन्नई

तमिलनाडु की राजनीति में सरकार गठन को लेकर सस्पेंस लगातार गहराता जा रहा है। थलापति विजय की पार्टी TVK अभी तक बहुमत का आंकड़ा 118 हासिल नहीं कर पाई है, जिसके बाद अब पार्टी का भविष्य CPI, CPM और VCK के फैसले पर टिका हुआ माना जा रहा है। TVK ने इन तीनों दलों से समर्थन की अपील की है और बताया जा रहा है कि ये पार्टियां आज शाम तक अपना अंतिम फैसला सुना सकती हैं।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि CPI और CPM के भीतर जनादेश का सम्मान करते हुए TVK को समर्थन देने की राय बन रही है, लेकिन दूसरी ओर DMK का दबाव भी इन दलों पर बना हुआ है। लेफ्ट दल लंबे समय से DMK गठबंधन का हिस्सा रहे हैं, इसलिए उनके फैसले को तमिलनाडु की राजनीति में निर्णायक माना जा रहा है।

इसी बीच सबसे ज्यादा चर्चा DMK और AIADMK के बीच संभावित राजनीतिक समझौते को लेकर हो रही है। दोनों पार्टियां वर्षों से एक-दूसरे की राजनीतिक प्रतिद्वंदी रही हैं, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में सरकार गठन को लेकर बातचीत की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि अब तक किसी भी पक्ष ने आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं की है।

सूत्रों के मुताबिक, AIADMK प्रमुख पलनीस्वामी ने पुडुचेरी के एक रिसॉर्ट में अपने विधायकों के हस्ताक्षर जुटाए हैं और राज्यपाल से मिलने का समय भी मांगा है। वहीं DMK ने अपने सभी विधायकों को 10 मई तक चेन्नई में ही रहने का निर्देश दिया है। इससे राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।

तमिलनाडु के राज्यपाल आर्लेकर ने भी साफ कर दिया है कि सरकार बनाने के लिए वही दल या गठबंधन आमंत्रित किया जाएगा, जिसके पास स्पष्ट रूप से 118 विधायकों का समर्थन होगा। राज्यपाल के इस बयान पर TVK और कांग्रेस ने नाराजगी जताई है।

इस बीच TVK ने पनयूर स्थित पार्टी कार्यालय में विधायक दल की बैठक बुलाई है। खबरें हैं कि यदि VCK और वामपंथी दल समर्थन नहीं देते हैं और DMK-AIADMK गठबंधन आगे बढ़ता है, तो विजय अपने 107 विधायकों से इस्तीफा दिलाने जैसे बड़े कदम पर भी विचार कर सकते हैं।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *