# Tags
#All #अन्य #शिक्षा

पटना में TRE-4 अभ्यर्थियों का प्रदर्शन उग्र, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

08 मई 2026 | पटना

BPSC शिक्षक भर्ती परीक्षा TRE-4 का नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों ने शुक्रवार को पटना में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने पटना कॉलेज से विरोध मार्च निकाला और मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद हालात बिगड़ने पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का आरोप है कि सरकार और बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) लगातार भर्ती प्रक्रिया में देरी कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि TRE-4 भर्ती का नोटिफिकेशन अप्रैल में जारी होने की बात कही गई थी, लेकिन अब तक विज्ञापन जारी नहीं हुआ। इससे हजारों उम्मीदवारों की उम्र सीमा समाप्त होने का खतरा बढ़ गया है।

अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड हटाने का प्रयास किया, जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग किया। कई अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि उनकी शांतिपूर्ण मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है।

इस मामले पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर जल्द समाधान निकाला जाएगा। मंत्री ने अभ्यर्थियों से आंदोलन के बजाय संवाद का रास्ता अपनाने की अपील की और भरोसा दिलाया कि “हर समस्या का समाधान होगा और आज होगा।”

जानकारी के मुताबिक TRE-4 के तहत राज्य में 46 हजार 882 शिक्षकों की भर्ती होनी है। लाखों अभ्यर्थी पिछले दो वर्षों से इस वैकेंसी का इंतजार कर रहे हैं। इससे पहले सोशल मीडिया पर #Release_TRE4_Notification अभियान भी चलाया गया था, लेकिन नोटिफिकेशन जारी नहीं होने से छात्रों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *