रायपुर,19 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को लेकर बड़ी उपलब्धि सामने आई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग चैप्टर-3 में प्रदेश को 1 लाख 6 हजार 567.8 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन प्रस्तावों के माध्यम से प्रदेश में कुल 21 औद्योगिक परियोजनाएं स्थापित करने की प्रतिबद्धता जताई गई है, जिनसे लगभग 29 हजार रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।
पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में देशभर के लगभग 150 उद्योगपतियों ने सहभागिता की। उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने प्रदेश में उपलब्ध निवेश संभावनाओं, औद्योगिक सुविधाओं और नई औद्योगिक नीति को लेकर मुख्यमंत्री एवं राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा की। इस आयोजन को राष्ट्रीय स्तर पर उद्योग जगत की बड़ी सहभागिताओं में से एक माना जा रहा है।
फार्मा, टेक्सटाइल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में 10 हजार करोड़ से अधिक का निवेश
इस इंडस्ट्री डायलॉग की सबसे खास बात फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल और हॉस्पिटैलिटी जैसे उभरते क्षेत्रों में निवेशकों की बढ़ती रुचि रही। कुल 21 औद्योगिक परियोजनाओं में से 12 परियोजनाएं इन तीन क्षेत्रों से संबंधित हैं। इन परियोजनाओं में 10,073.03 करोड़ रुपए का निवेश प्रस्तावित है, जिससे लगभग 8 हजार रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।
इन तीन क्षेत्रों से कुल संभावित रोजगार का लगभग 27 प्रतिशत सृजित होने का अनुमान है। रोजगार सृजन की दृष्टि से ये क्षेत्र बेहद महत्वपूर्ण हैं। इनमें प्रति करोड़ रुपए के निवेश पर अन्य औद्योगिक क्षेत्रों की तुलना में तीन गुने से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना जताई गई है।
परंपरागत उद्योगों के साथ नए सेक्टर में भी बढ़ रहा छत्तीसगढ़ का दबदबा
छत्तीसगढ़ की पहचान लंबे समय से खनिज, इस्पात और ऊर्जा जैसे परंपरागत औद्योगिक क्षेत्रों के लिए रही है। अब प्रदेश में फार्मा, टेक्सटाइल और हॉस्पिटैलिटी जैसे रोजगार आधारित नए क्षेत्रों में भी निवेशकों का आकर्षण तेजी से बढ़ रहा है।
इंडस्ट्री डायलॉग के तीसरे अध्याय में मिले निवेश प्रस्ताव इस बात का संकेत हैं कि छत्तीसगढ़ बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन करने वाले उद्योगों के लिए एक पसंदीदा निवेश गंतव्य के रूप में उभर रहा है। लगातार आयोजित हो रहे ऐसे आयोजनों से निवेशकों का भरोसा मजबूत हो रहा है और प्रदेश में औद्योगिक विस्तार को नई गति मिल रही है।
उद्योग स्थापना से उत्पादन तक सरकार हर स्तर पर करेगी सहयोग: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ आज देश में उद्योग और व्यवसाय स्थापित करने के लिए सबसे सुविधाजनक राज्यों में शामिल हो रहा है। नए और उभरते औद्योगिक क्षेत्रों में निवेशकों द्वारा दिखाई गई रुचि प्रदेश के हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों का रास्ता खोलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उद्योगों की स्थापना और विस्तार के लिए त्वरित निर्णय, पारदर्शी प्रक्रियाओं और हर स्तर पर सहयोग सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। निवेशकों को आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने से लेकर औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन शुरू होने तक हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम में केएलजे ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज, आरडीबी ग्रुप, लिबर्टी शूज, प्रासिल इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड और ऑगमेंट न्यूट्रिएंट्स सहित कई प्रमुख औद्योगिक समूहों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने मुख्यमंत्री और राज्य शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सीधे संवाद कर छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की।
नई औद्योगिक नीति से निवेशकों को मिल रहा अनुकूल वातावरण
छत्तीसगढ़ में निवेशकों का बढ़ता विश्वास राज्य सरकार की सरल, पारदर्शी और उद्योग अनुकूल नीतियों का परिणाम माना जा रहा है। प्रदेश में उद्योगों की स्थापना के लिए आवश्यक अनुमतियों को आसान और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से ‘वन क्लिक’ सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से ऑनलाइन व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। इससे निवेशकों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती और निर्धारित समय-सीमा में अनुमतियां प्राप्त करने की सुविधा मिलती है।
राज्य की औद्योगिक विकास नीति 2024-30 निवेशकों को स्पष्ट और स्थिर नीतिगत वातावरण प्रदान करती है। इस नीति में फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल और हॉस्पिटैलिटी जैसे अधिक रोजगार सृजन की क्षमता वाले क्षेत्रों के लिए विशेष प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है।
इसके अलावा प्रदेश में उद्योगों के लिए तैयार औद्योगिक भूमि, पर्याप्त बिजली और पानी की उपलब्धता तथा सड़क, रेल और हवाई मार्गों से बेहतर कनेक्टिविटी निवेशकों के लिए अनुकूल परिस्थितियां तैयार कर रही हैं।
प्रदेश के हर क्षेत्र तक पहुंचेगा औद्योगिक निवेश और रोजगार का लाभ
राज्य की नई औद्योगिक नीति में आकांक्षी क्षेत्रों में उद्योग स्थापित करने वाले निवेशकों के लिए अतिरिक्त प्रोत्साहन की व्यवस्था भी की गई है। इसका उद्देश्य औद्योगिक निवेश और रोजगार के अवसरों को केवल राजधानी तक सीमित न रखते हुए प्रदेश के सभी अंचलों तक पहुंचाना है।
राज्य सरकार का लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ में आने वाला प्रत्येक निवेश प्रस्ताव जल्द से जल्द धरातल पर उतरे और प्रदेश के युवाओं को रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर मिलें। औद्योगिक विकास का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग और प्रदेश के हर क्षेत्र तक पहुंचाकर छत्तीसगढ़ को आर्थिक रूप से सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।


