# Tags
#All #राष्ट्रीय

पश्चिम एशिया संकट पर केंद्र सरकार अलर्ट, राजनाथ सिंह ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की

11 मई 2026 | नई दिल्ली

ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच केंद्र सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। ऊर्जा आपूर्ति, पेट्रोलियम उत्पादों और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता की समीक्षा के लिए सोमवार को मंत्रियों के समूह (IGoM) की पांचवीं अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभावित वैश्विक संकट के बीच देश की सप्लाई चेन और ऊर्जा सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

ऊर्जा और जरूरी वस्तुओं की उपलब्धता पर समीक्षा

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में विभिन्न मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों और मंत्रियों ने हिस्सा लिया। बैठक में कच्चे तेल की आपूर्ति, घरेलू बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और वैश्विक हालात से भारत पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों का आकलन किया गया। सरकार ने भरोसा दिलाया कि देश में किसी भी प्रकार की कमी या आपूर्ति बाधित नहीं होने दी जाएगी।

राजनाथ सिंह ने लोगों से की खास अपील

बैठक के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सभी जरूरी चीजों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या घबराहट से बचें और शांति बनाए रखें, क्योंकि सरकार हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

पीएम मोदी के संदेश का भी किया जिक्र

राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वैश्विक संकट और आर्थिक चुनौतियों के दौर में देशवासियों से सामूहिक भागीदारी की अपील की है। उन्होंने इसे आत्मनिर्भरता, ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक स्थिरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। रक्षा मंत्री ने कहा कि यह संदेश केवल वर्तमान संकट तक सीमित नहीं है, बल्कि भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए भी देश को तैयार करने वाला व्यापक दृष्टिकोण है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *