# Tags
#All #अपराध / कानून

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में बड़ा एक्शन, बॉडीगार्ड कॉन्स्टेबल श्याम सोनावणे सेवा से बर्खास्त

11 मई 2026 | मुंबई

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में मुंबई पुलिस ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए उनके बॉडीगार्ड कॉन्स्टेबल श्याम सोनावणे को सेवा से बर्खास्त कर दिया है। पुलिस विभाग ने ड्यूटी में गंभीर लापरवाही का दोषी पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की। बता दें कि 12 अक्टूबर 2024 की रात मुंबई के बांद्रा इलाके में बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

जांच में लापरवाही साबित, जारी हुआ बर्खास्तगी आदेश

जानकारी के अनुसार, कॉन्स्टेबल श्याम सोनावणे मुंबई पुलिस की प्रोटेक्शन एंड सिक्योरिटी ब्रांच में तैनात थे और बाबा सिद्दीकी की सुरक्षा ड्यूटी संभाल रहे थे। हत्या के बाद उन्हें तत्काल निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की गई थी। जांच में सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक और ड्यूटी में लापरवाही सामने आने के बाद उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। बाद में पुलिस विभाग ने बर्खास्तगी आदेश जारी किया, जिसे सोनावणे ने 2 मई 2026 को स्वीकार कर लिया।

27 आरोपियों पर MCOCA और BNS के तहत आरोप तय

इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में मुंबई की विशेष अदालत ने हाल ही में 27 आरोपियों के खिलाफ मकोका (MCOCA), भारतीय न्याय संहिता (BNS), शस्त्र अधिनियम और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप तय किए हैं। अदालत में आरोप तय होना आपराधिक मुकदमे की औपचारिक सुनवाई का पहला बड़ा चरण माना जाता है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम आया था सामने

बाबा सिद्दीकी हत्या मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम भी सामने आया था। पुलिस की चार्जशीट में लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को आरोपी बनाया गया है। अभियोजन पक्ष का दावा है कि अनमोल बिश्नोई ने गैंग के दबदबे और भय कायम करने के उद्देश्य से हत्या की साजिश रची थी। इस मामले को लेकर देशभर में काफी राजनीतिक और सुरक्षा संबंधी चर्चा हुई थी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *