देशवासियों से पीएम मोदी की अपील, वर्क फ्रॉम होम बढ़ाने से लेकर पेट्रोल-डीजल बचाने तक दिए कई सुझाव
11 मई 2026 | हैदराबाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देशवासियों से आर्थिक चुनौतियों और वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुनिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव, सप्लाई चेन संकट और महंगाई जैसी परिस्थितियों से निपटने के लिए हर नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। पीएम मोदी ने कहा कि देशभक्ति केवल सीमा पर लड़ना नहीं, बल्कि कठिन समय में देश के हित में जिम्मेदारी निभाना भी है।
वर्क फ्रॉम होम और वर्चुअल मीटिंग पर जोर
प्रधानमंत्री ने कोरोनाकाल के दौरान अपनाए गए कई उपायों को फिर से बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने कंपनियों और संस्थानों से जहां संभव हो वहां वर्क फ्रॉम होम, ऑनलाइन कॉन्फ्रेंस और वर्चुअल मीटिंग्स को प्राथमिकता देने की अपील की, ताकि ईंधन की खपत कम हो सके। इसके साथ ही गैर-जरूरी विदेश यात्राओं, विदेश में छुट्टियों और डेस्टिनेशन वेडिंग्स से बचने की सलाह दी, जिससे विदेशी मुद्रा की बचत हो सके।
पेट्रोल-डीजल बचाने और लोकल प्रोडक्ट अपनाने की अपील
पीएम मोदी ने लोगों से मेट्रो, बस और अन्य पब्लिक ट्रांसपोर्ट का ज्यादा इस्तेमाल करने, कार-पूलिंग अपनाने और रेलवे माल परिवहन को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ाने और एक साल तक गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की भी अपील की। साथ ही मेड-इन-इंडिया और लोकल उत्पादों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
किसानों को ऑर्गेनिक और नेचुरल खेती की सलाह
प्रधानमंत्री ने किसानों से केमिकल फर्टिलाइजर का इस्तेमाल 50 प्रतिशत तक कम करने और नेचुरल खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे मिट्टी की गुणवत्ता बेहतर होगी और आयात पर निर्भरता भी कम होगी। इसके अलावा खेती में डीजल पंप की जगह सोलर ऊर्जा आधारित सिंचाई पंपों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की बात कही। पीएम मोदी ने खाने के तेल की खपत कम करने की सलाह देते हुए कहा कि इससे देश की आर्थिक स्थिति और लोगों की सेहत दोनों को फायदा मिलेगा।
Hindi 










































































































































































































































































































































































































































































































































































































































