# Tags
#All #राष्ट्रीय #व्यापार / अर्थव्यवस्था

शेयर बाजार में भारी गिरावट के साथ शुरुआत, सेंसेक्स 690 और निफ्टी 205 अंक टूटकर खुले

11 मई 2026 | मुंबई

हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में बड़ी गिरावट देखने को मिली। भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर निवेशकों की चिंता के बीच बीएसई सेंसेक्स 690.1 अंकों की गिरावट के साथ 76,638.09 पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी 205.9 अंक टूटकर 23,970.10 पर पहुंच गया। इससे पहले शुक्रवार को भी बाजार लाल निशान में बंद हुआ था, जब सेंसेक्स 516 अंक और निफ्टी 150 अंक गिरा था।

सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से केवल 2 शेयर बढ़त के साथ खुले, जबकि 27 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। एनटीपीसी का शेयर बिना किसी बदलाव के खुला। वहीं निफ्टी 50 में केवल 6 शेयर हरे निशान में रहे, जबकि 44 शेयर गिरावट के साथ खुले।

सोमवार को टाटा स्टील का शेयर सेंसेक्स में सबसे ज्यादा 0.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ खुला, जबकि टाइटन के शेयरों में सबसे बड़ी 3.81 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इसके अलावा इंडिगो, एसबीआई, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति सुजुकी, एचडीएफसी बैंक, अडाणी पोर्ट्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फाइनेंस और आईसीआईसीआई बैंक समेत कई दिग्गज कंपनियों के शेयर लाल निशान में कारोबार करते दिखे।

टेक सेक्टर में भी दबाव देखने को मिला। इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, टीसीएस और आईटीसी के शेयरों में गिरावट रही, जबकि एचसीएल टेक मामूली बढ़त के साथ खुला। शुरुआती कारोबार में बाजार पर बिकवाली का दबाव साफ दिखाई दिया।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *