दुर्ग,22 सितम्बर 2026
भिलाई में खड़ी गाड़ी से 36 भरे इंडेन गैस सिलेंडर चोरी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। आरोपियों ने चोरी किए गए सिलेंडरों में से कई को महज 2-2 हजार रुपये में बेच दिया था। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच करते हुए तीन दिन में पूरे मामले का खुलासा कर दिया और 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी के सिलेंडर और वारदात में इस्तेमाल वाहन भी बरामद किया है।
गाड़ी से चोरी हुए थे 36 भरे सिलेंडर
मामला भिलाई के साक्षरता चौक कैंप-01 के पास सर्विस रोड का है। जानकारी के मुताबिक, 18 सितंबर को यहां खड़ी महिंद्रा मैक्सेमो प्लस गाड़ी से 36 भरे इंडेन सिलेंडर चोरी हो गए थे। इसके बाद 19 सितंबर को घनश्याम कुर्रे ने थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने BNS की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
2 हजार रुपये प्रति सिलेंडर में बेचे
जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने प्रमोद देवांगन को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने घटना में शामिल होने की जानकारी दी। उसने बताया कि 16 सिलेंडर जामुल स्थित जय अंबे शोरूम के पीछे छोड़ दिए गए थे, जबकि 20 सिलेंडर 2,000 रुपये प्रति सिलेंडर के हिसाब से बेच दिए गए।
पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर दबिश देकर 20 सिलेंडर बरामद किए। वहीं बैकुंठ धाम दशहरा मैदान के पास से चोरी में इस्तेमाल वाहन और 5 सिलेंडर भी जब्त किए गए। पुलिस के अनुसार, बरामद सामान की कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपये है।
8 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में प्रमोद देवांगन, सुरेंद्र कुशवाहा, ओमप्रकाश वर्मा, गोपीचंद यादव, बुद्धसेन साहू, लता वर्मा, उर्वशी पटेल और तुकेश्वरी साहू को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।


