तैराकी सिखाने के दौरान दर्दनाक हादसा,तांदुला नहर में बह गए पिता-पुत्री, पिता का शव मिला, बेटी लापता
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। तांदुला नहर में नहाने के दौरान एक पिता और उसकी बेटी तेज पानी के बहाव में बह गए। गोताखोरों की टीम ने पिता का शव बरामद कर लिया है, जबकि बेटी की तलाश अभी जारी है।
यह हादसा पीपरछेड़ी गांव में हुआ। जानकारी के मुताबिक, धोबनपुरी निवासी यमन गंजीर (35) अपनी 12 वर्षीय बेटी पल्लवी गंजीर को तैरना सिखाने के लिए नहर में उतरे थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों उसकी चपेट में आकर बह गए।
घटना के समय एक अन्य बच्ची दामिनी भी नहर में बहने लगी थी, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बचा लिया। प्रशासन द्वारा लापता बच्ची की खोजबीन लगातार जारी है।
Hindi 









































































































































































































































































































































































































































