IAF की मंजूरी के बाद पुणे एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेशन बहाल, फाइटर जेट की हार्ड लैंडिंग से हुआ था रनवे क्षतिग्रस्त
पुणे। पुणे एयरपोर्ट पर विमान सेवाएं एक बार फिर से सामान्य हो गई हैं। भारतीय वायु सेना (IAF) ने रनवे को संचालन के लिए हरी झंडी दे दी है, जिसके बाद उड़ानों का आवागमन दोबारा शुरू कर दिया गया।
दरअसल, शुक्रवार रात एक फ्रंटलाइन फाइटर जेट की हार्ड लैंडिंग के चलते रनवे को नुकसान पहुंचा था। लैंडिंग के दौरान विमान के अंडरकैरिज में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण वह रनवे पर ही फंस गया और पूरी पट्टी अवरुद्ध हो गई। इस वजह से एहतियातन एयरपोर्ट पर सभी फ्लाइट ऑपरेशन अस्थायी रूप से रोक दिए गए थे।
घटना के बाद पूरी रात मरम्मत कार्य जारी रहा। अब रनवे को दुरुस्त कर लिया गया है और शनिवार सुबह से ही इसे दोबारा चालू कर दिया गया है।
न्यूज एजेंसी Press Trust of India (PTI) के अनुसार, भारतीय वायु सेना ने अपने बयान में कहा कि रनवे की मरम्मत पूरी हो चुकी है और अब यह पूरी तरह सुरक्षित एवं संचालन के लिए तैयार है।
Hindi 

































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































