# Tags
#अपराध / कानून

पेड़ कटाई के दौरान करंट लगने से ठेका कर्मी की मौत

खैरागढ़ में विद्युत लाइन के आसपास पेड़ कटाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से बिजली विभाग के एक ठेका कर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम पेंड्रीकला निवासी हेमंत साहू (45) के रूप में हुई है।

जानकारी के मुताबिक हादसे के बाद गंभीर हालत में हेमंत साहू को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि विद्युत लाइन के पास काम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई थी।

वहीं विद्युत विभाग की प्रभारी सहायक अभियंता मदलसा विश्वकर्मा ने बताया कि जिस फीडर क्षेत्र में पेड़ कटाई का कार्य चल रहा था, उसे बंद किया गया था। हालांकि लाइन लंबी होने के कारण दूसरी ओर से प्रवाहित करंट वाली लाइन के संपर्क में पेड़ की डाल आ गई, जिससे हादसा हो गया।

हेमंत साहू लंबे समय से बिजली विभाग में ठेका कर्मी के रूप में कार्यरत थे और क्षेत्र में अपने मिलनसार स्वभाव के लिए पहचाने जाते थे। घटना के बाद पेंड्रीकला सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *