जनसमस्या शिविर में मंत्री ने बांटी ट्रैक्टर की चाबी और चेक
छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सरसीवा तहसील के ग्राम पंचायत झुमका में ‘सुशासन तिहार’ के तहत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रदेश के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा शामिल हुए।
मंत्री टंकराम वर्मा ने विभागीय स्टालों का निरीक्षण कर आवेदन निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने हितग्राहियों को ट्रैक्टर की चाबी, अनुदान राशि के चेक, प्रमाण पत्र और अन्य सामग्री वितरित की।
शिविर में कुल 2310 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 272 मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। एक कृषक को ट्रैक्टर खरीदी पर 2.50 लाख रुपए का अनुदान दिया गया, वहीं कई किसानों को बोर खनन के लिए 43 हजार रुपए के चेक वितरित किए गए।
कार्यक्रम में छोटे बच्चों का अन्नप्राशन, गर्भवती महिलाओं को उपहार वितरण और आयुष्मान कार्ड भी बांटे गए।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि राज्य सरकार ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत पर काम कर रही है और प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी पात्र हितग्राहियों को उनका अधिकार दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Hindi 












































































































































































































































































































































































































































































































































































































