Viral Reel के चक्कर में हाईवे पर स्टंट: चलती कार की छत पर चढ़ी युवती, पुलिस ने दर्ज किया केस
बिलासपुर, 28 मई 2026
सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए जान जोखिम में डालने का एक और मामला सामने आया है। बिलासपुर-कोरबा नेशनल हाईवे पर एक युवती ने चलती कार के सामने रैंप वॉक, शैंपेन सेलिब्रेशन और कार की छत पर चढ़कर स्टंट करते हुए रील बनाई। वीडियो वायरल होते ही ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
मामला कोनी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में युवती देर रात तुर्काडीह ओवरब्रिज के नीचे चलती कार के सामने स्टंट करती नजर आ रही है। कभी वह शैंपेन की बोतल खोलकर झाग उड़ाती दिखाई दी, तो कभी कार की छत पर चढ़कर पोज देती नजर आई। इस दौरान हाईवे पर अन्य वाहन भी गुजर रहे थे, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार नंबर के आधार पर वाहन मालिक की पहचान कर कार्रवाई शुरू की। मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 135 समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। साथ ही वाहन चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए आरटीओ को पत्र भेजने की तैयारी भी की जा रही है।
ट्रैफिक एएसपी रामगोपाल करियारे ने कहा कि चलती गाड़ी में सनरूफ से बाहर निकलना, स्टंट करना और हाईवे पर इस तरह सेलिब्रेशन करना गंभीर हादसों को न्योता देता है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए यातायात नियमों की अनदेखी नहीं करने की अपील की।
बिलासपुर में इससे पहले भी हाईवे पर स्टंटबाजी और रील्स शूट करने के कई मामले सामने आ चुके हैं। कुछ महीने पहले चलती BMW की सनरूफ से युवती के डांस का वीडियो वायरल हुआ था। वहीं लग्जरी कारों का काफिला निकालकर सड़क जाम करने के मामलों में भी पुलिस कार्रवाई कर चुकी है।
हाईकोर्ट की सख्ती और लगातार कार्रवाई के बावजूद युवाओं में रील्स और स्टंट का क्रेज कम होता नजर नहीं आ रहा है। पुलिस ने साफ कहा है कि सड़क को स्टंट का मंच बनाने वालों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
Hindi 















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































