# Tags
#Internationl

हमें शेख हसीना लौटा दीजिए… भारत पहुंचे बांग्लादेश के विदेश मंत्री ने उठाई मांग, भारत ने दिया यह जवाब

Shekh Hasina

नई दिल्ली।भारत और बांग्लादेश के संबंधों में आई तल्खी को कम करने की कोशिशों के बीच बांग्लादेश के विदेश मंत्री खलीलुर रहमान तीन दिवसीय भारत यात्रा पर पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और विदेश मंत्री एस जयशंकर सहित कई वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की।

बैठक के दौरान बांग्लादेश ने अपनी पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण की मांग उठाई। ढाका से जारी बयान के अनुसार, खलीलुर रहमान ने शेख हसीना और पूर्व गृह मंत्री असदुज्जमां खान कमाल को बांग्लादेश वापस भेजने का अनुरोध किया।

इसके साथ ही उन्होंने छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के आरोपियों को पकड़ने में भारत सरकार द्वारा किए गए सहयोग के लिए आभार भी जताया।

बांग्लादेश प्रथम’ नीति पर जोर

बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश की सरकार “बांग्लादेश प्रथम” के सिद्धांत पर अपनी विदेश नीति संचालित करेगी। यह नीति पारस्परिक विश्वास, सम्मान और दोनों देशों के हितों पर आधारित होगी।

दोनों देशों के बीच यह सहमति बनी कि गिरफ्तार व्यक्तियों को प्रत्यर्पण संधि के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बांग्लादेश को सौंपा जाएगा। हालांकि भारत की ओर से जारी आधिकारिक बयान में शेख हसीना या हादी के मामले का कोई उल्लेख नहीं किया गया।

भारत ने संबंध मजबूत करने की जताई प्रतिबद्धता

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मुलाकात के बाद कहा कि दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने के विभिन्न उपायों पर चर्चा हुई। साथ ही क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।

विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि भारत नई सरकार के साथ रचनात्मक सहयोग जारी रखेगा और द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही बांग्लादेशी नागरिकों के लिए चिकित्सा और व्यापारिक वीजा प्रक्रिया को और सरल बनाने का आश्वासन भी दिया गया।

तीन दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे रहमान

खलीलुर रहमान, प्रधानमंत्री के विदेश मामलों के सलाहकार हुमायूं कबीर के साथ तीन दिवसीय यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे हैं। बांग्लादेश में हाल ही में हुए संसदीय चुनावों के बाद यह किसी वरिष्ठ नेता की पहली उच्च स्तरीय भारत यात्रा मानी जा रही है।

इस दौरान उन्होंने पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से भी मुलाकात की।

नई दिल्ली में रह रही हैं शेख हसीना

गौरतलब है कि अगस्त 2024 में बांग्लादेश में हुए हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बाद शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा था। इसके बाद से वह नई दिल्ली में रह रही हैं।

बांग्लादेश में शेख हसीना और पूर्व गृह मंत्री को अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण द्वारा मृत्युदंड दिया जा चुका है। बांग्लादेश पहले भी उनके प्रत्यर्पण की मांग कर चुका है, लेकिन भारत ने इसे स्वीकार नहीं किया था।

अब दोनों देशों ने यह स्पष्ट किया है कि शेख हसीना का मुद्दा द्विपक्षीय संबंधों को प्रभावित नहीं करेगा।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *