कर्मचारी के काउंटर छोड़ने के आरोप,वायरल वीडियो के बाद भी कार्रवाई नहीं,ठेका व्यवस्था पर उठे सवाल
रेलवे स्टेशन महासमुंद में टिकट काउंटर पर लापरवाही का मामला सामने आया है, जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और पोस्ट में आरोप लगाया गया है कि काउंटर पर तैनात कर्मचारी अक्सर अपनी ड्यूटी छोड़कर चले जाते हैं, जिसके कारण टिकट लेने आए यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ता है।
वायरल वीडियो में टिकट काउंटर खाली दिखाई दे रहा है, जबकि यात्रियों की भीड़ मौजूद है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
आरोप है कि कई बार काउंटर को ठेका पद्धति के कर्मचारियों के भरोसे छोड़ दिया जाता है, जिससे व्यवस्था और अधिक प्रभावित होती है। यात्रियों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही से उन्हें रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।
शिकायतों के बावजूद रेलवे प्रशासन द्वारा अब तक कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया है, जिससे यात्रियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। अब देखना होगा कि वायरल वीडियो के बाद प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
Hindi 
















































































































































































































































































































































































































































