रायपुर, 24 सितंबर 2026

राजधानी रायपुर में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन 25 सितंबर से शुरू होगा। नगर निगम और पुलिस प्रशासन ने विसर्जन को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं। शहर की प्रतिमाओं का विसर्जन महादेव घाट स्थित निर्धारित विसर्जन कुंड में किया जाएगा। वहीं खारून नदी, तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब समेत अन्य तालाबों में प्रतिमा विसर्जन प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई और चालान की व्यवस्था की गई है।

नगर निगम ने महादेव घाट विसर्जन कुंड की व्यवस्थाओं के लिए समिति गठित की है। यहां 25 सितंबर सुबह 6 बजे से 1 अक्टूबर सुबह 6 बजे तक अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। छोटी प्रतिमाओं के लिए अस्थायी कुंड भी बनाए जाएंगे।

विसर्जन स्थल पर गोताखोर, मोटर बोट, एंबुलेंस, मेडिकल टीम और फायर ब्रिगेड तैनात रहेगी। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए 1 हजार से ज्यादा पुलिस जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की विशेष टीमें निगरानी करेंगी।

महिलाओं की सुरक्षा के लिए सिविल ड्रेस में महिला पुलिसकर्मी

विसर्जन और झांकी के दौरान महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों को सिविल ड्रेस में तैनात किया जाएगा। प्रमुख चौक-चौराहों और झांकी मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया जाएगा।

27 सितंबर को निकलेगी गणेश झांकी

गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद 27 सितंबर को शहर में गणेश झांकियां निकाली जाएंगी। पुलिस ने समितियों को निर्धारित रूट, समय और झांकियों का क्रम बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। झांकियों को अनावश्यक रूप से रोकने पर रोक रहेगी।

आयोजकों से पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स रखने और उन्हें पहचान पत्र देने को कहा गया है। झांकी में नशे का सेवन, हथियार या धारदार वस्तु ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।

डीजे और साउंड सिस्टम के लिए नियम

झांकियों में डीजे और साउंड सिस्टम का इस्तेमाल निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जा सकेगा। आयोजकों ने साउंड सिस्टम को तय मानकों के अनुरूप रखने और बेस व वाइब्रेशन मोड बंद रखने पर सहमति जताई है।

सदर बाजार के जर्जर भवनों को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई। पुलिस, नगर निगम और SDRF ने संभावित खतरे को देखते हुए झांकी का रूट बदलने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन समितियों ने रूट बदलने पर असहमति जताई।

विसर्जन के बाद वाहनों की वापसी का रूट

महादेव घाट से प्रतिमा विसर्जन के बाद वाहन महादेव घाट तिराहा से एनीकट मार्ग, भाठागांव चौक और रिंग रोड-1 होकर वापस जाएंगे। विसर्जन के दौरान शहर में भारी वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी।

सभी मालवाहक वाहनों को रायपुरा चौक पर रोका जाएगा। अम्लेश्वर से रायपुर आने वाले वाहन अम्लेश्वर-कुम्हारी-टाटीबंध या खुड़मुड़ा-भाठागांव मार्ग से आ सकेंगे।

झांकी रूट और प्रमुख चौक-चौराहों पर ड्रोन से निगरानी भी की जाएगी। पुलिस-प्रशासन ने गणेश उत्सव समितियों से निर्धारित विसर्जन स्थल के साथ-साथ सभी सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts