अमेरिका के टॉप वैज्ञानिकों की मौत और लापता होने से हड़कंप, चीन-रूस-ईरान पर शक; जांच में जुटा प्रशासन
नई दिल्ली, 19 अप्रैल 2026
अमेरिका में स्पेस, डिफेंस और एयरोस्पेस से जुड़े कम से कम 10 प्रमुख वैज्ञानिकों की रहस्यमयी मौत और लापता होने की घटनाओं ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। इन घटनाओं के सामने आने के बाद अमेरिकी प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं और मामला अब राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी गंभीर चिंता के रूप में देखा जा रहा है।
रहस्यमयी घटनाओं की कड़ी से बढ़ी चिंता
रिपोर्ट्स के मुताबिक, जुलाई 2023 से लेकर 2026 तक अलग-अलग समय पर वैज्ञानिकों की मौत या गुमशुदगी के मामले सामने आए हैं। इनमें नासा जेट प्रोपल्शन लेबोरेटरी के भौतिक विज्ञानी माइकल डेविड हिक्स की मौत भी शामिल है, जिनकी मृत्यु का कारण अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है।
विदेशी साजिश की आशंका
मिसौरी से रिपब्लिकन सांसद एरिक बर्लिसन ने इन घटनाओं को गंभीर बताते हुए कहा कि इन वैज्ञानिकों के पास संवेदनशील जानकारी थी, जो एयरोस्पेस, रक्षा और यूएफओ रिसर्च से जुड़ी थी। उन्होंने आशंका जताई कि इसके पीछे चीन, रूस या ईरान का हाथ हो सकता है। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
गायब वैज्ञानिकों का अब तक नहीं मिला सुराग
कुछ मामलों में वैज्ञानिकों के लापता होने की घटनाएं ज्यादा चिंता बढ़ा रही हैं। वायुसेना के मेजर जनरल विलियम मैक्कलैंड फरवरी 2026 से लापता हैं और उनका अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। बताया गया कि उन्होंने यूएफओ रिसर्च से जुड़ी जानकारी साझा करने की कोशिश की थी।
हत्या और संदिग्ध मौतों के कई मामले
इस घटनाक्रम में एमआईटी के परमाणु वैज्ञानिक नूनो लौरेइरो की गोली मारकर हत्या, जेसन थॉमस का शव झील से मिलना, और कार्ल ग्रिलमायर की हत्या जैसे मामले शामिल हैं। इसके अलावा कई वैज्ञानिक और रिसर्च से जुड़े लोग बिना किसी सुराग के लापता हो गए हैं।
ट्रंप प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इन घटनाओं की जानकारी दी गई है। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि इन मामलों की गहन जांच की जाएगी। व्हाइट हाउस ने भी स्पष्ट किया है कि एफबीआई और अन्य एजेंसियों के साथ मिलकर सभी घटनाओं की कड़ी से कड़ी जांच की जा रही है।
क्या है साजिश या महज संयोग?
हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि इन सभी घटनाओं के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं। खुद ट्रंप ने भी इसे फिलहाल “संयोग” बताया है, लेकिन प्रशासन सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहा है।
राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा बड़ा सवाल
इन घटनाओं ने अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा और वैज्ञानिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि इन मामलों में किसी विदेशी हस्तक्षेप की पुष्टि होती है, तो इसका वैश्विक स्तर पर बड़ा प्रभाव पड़ सकता है।
Hindi 























































































































































































































































