रायपुर, 25 नवंबर 2026
शासकीय निर्माण कार्यों में लापरवाही और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने कार्रवाई की है। मंडल ने दो निर्माण एजेंसियों मेसर्स विनायक इंफ्रास्ट्रक्चर और मेसर्स सार्थक ट्रेडर्स को ब्लैकलिस्ट करने का आदेश जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, कोरबा जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रंजना (विकासखंड कटघोरा), प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उतरदा (विकासखंड पाली) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पसान (विकासखंड पोड़ी उपरोड़ा) में आवासीय भवनों का निर्माण कराया जाना था। अनुबंध के अनुसार इन निर्माण कार्यों को नौ माह की निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार एजेंसियों को दी गई थी।
निर्माण कार्यों की प्रगति बेहद धीमी रहने और ठेकेदारों की लापरवाही के कारण काम प्रभावित होने पर मंडल ने संबंधित एजेंसियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने और कार्यों के प्रति उदासीनता बरतने पर मंडल ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए दोनों एजेंसियों को काली सूची में दर्ज कर दिया।
कार्रवाई के तहत मेसर्स विनायक इंफ्रास्ट्रक्चर, ब-वर्ग ठेकेदार (CGeR12820) और मेसर्स सार्थक ट्रेडर्स, द-वर्ग ठेकेदार (CGeR20160) को ब्लैकलिस्ट किया गया है।
मंडल अध्यक्ष श्री अनुराग सिंह देव ने कहा कि शासकीय निर्माण कार्य आम नागरिकों की सुविधाओं और जनहित से सीधे जुड़े होते हैं। इनमें लापरवाही, अनावश्यक देरी या निर्माण गुणवत्ता से समझौता स्वीकार्य नहीं है। प्रत्येक निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी है कि वह अनुबंध की शर्तों का पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करे। जनहित के कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं मंडल आयुक्त श्री अवनीश कुमार शरण ने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना मंडल की प्राथमिकता है। ठेकेदारों को समय-सीमा, निर्माण गुणवत्ता और अनुबंध की शर्तों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। लापरवाही या उदासीनता बरतने वाली एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
मंडल ने संबंधित अधिकारियों को भी निर्माण कार्यों की सतत निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।


