रायपुर, 25 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक, सांस्कृतिक और वैचारिक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 8 से 10 जनवरी 2027 तक रायपुर साहित्य उत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास में प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकारों की उपस्थिति में साहित्य उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर का विमोचन कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की। इस वर्ष तीन दिवसीय साहित्य उत्सव की थीम ‘युवा भारत’ रखी गई है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ साहित्य, कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध प्रदेश है। यहां की भाषाओं, बोलियों, लोककथाओं, गीत-संगीत और साहित्य में प्रदेश के जनजीवन, सामाजिक मूल्यों और सांस्कृतिक चेतना की झलक मिलती है। रायपुर साहित्य उत्सव इस समृद्ध विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के साथ साहित्यिक संवाद, रचनात्मक अभिव्यक्ति और नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में सीमित समय में साहित्य उत्सव का आयोजन किया गया था। साहित्यकारों, आयोजन समिति और सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों से यह आयोजन सफल रहा और देशभर में इसकी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने इस बार आयोजन को और अधिक व्यापक, भव्य एवं गरिमामय स्वरूप देने की बात कही।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर साहित्य उत्सव को देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में विशिष्ट पहचान दिलाने का प्रयास किया जाना चाहिए। यह आयोजन केवल साहित्यिक गतिविधियों तक सीमित न रहकर विचारों के आदान-प्रदान, सांस्कृतिक विविधता के सम्मान और नई रचनात्मक संभावनाओं के विस्तार का मंच बनेगा।

जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य के संरक्षण पर जोर

मुख्यमंत्री श्री साय ने छत्तीसगढ़ की जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य के संरक्षण एवं संवर्धन को विशेष प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी सहित विभिन्न भाषाओं एवं बोलियों में लोकज्ञान, परंपराओं और साहित्य की अमूल्य विरासत समाहित है। इन भाषाओं में पीढ़ियों से संचित ज्ञान, लोककथाओं और सांस्कृतिक परंपराओं का दस्तावेजीकरण और संरक्षण आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि साहित्य उत्सव में जनजातीय साहित्य, लोकभाषाओं और पारंपरिक रचनात्मक अभिव्यक्तियों को प्रमुख स्थान दिया जाना चाहिए। इससे प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को व्यापक पहचान मिलेगी और नई पीढ़ी अपनी जड़ों एवं विरासत से जुड़ सकेगी।

युवा रचनाकारों को मिलेगा प्रतिभा दिखाने का अवसर

मुख्यमंत्री ने इस वर्ष की थीम ‘युवा भारत’ को प्रासंगिक बताते हुए कहा कि यह देश की युवा शक्ति, भाषाई विविधता, विचारों की बहुलता और साझा भविष्य के संकल्प को अभिव्यक्त करती है।

उन्होंने कहा कि साहित्य समाज की संवेदनशीलता, विचारशीलता और रचनात्मक चेतना को समृद्ध करता है। साहित्य उत्सव में युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, विचार साझा करने और अनुभवी साहित्यकारों से सीखने का अवसर मिले।

मुख्यमंत्री ने पिछले वर्ष आयोजित कवि सम्मेलन प्रतियोगिताओं की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में साहित्यिक और रचनात्मक प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर, प्रोत्साहन और व्यापक मंच उपलब्ध कराने की है। रायपुर साहित्य उत्सव उभरते रचनाकारों को नई पहचान दिलाने और प्रदेश में साहित्यिक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

साहित्यकारों ने दिए आयोजन को व्यापक बनाने के सुझाव

कार्यक्रम में प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकारों, कवियों और रचनाकारों ने पिछले वर्ष के रायपुर साहित्य उत्सव से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और आगामी आयोजन को अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए सुझाव दिए।

साहित्यकारों ने कहा कि राजधानी रायपुर में इतने व्यापक स्तर पर साहित्य महोत्सव का आयोजन प्रदेश के साहित्यिक जगत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। पिछले आयोजन से साहित्यकारों और रचनाकारों में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ। इस पहल से छत्तीसगढ़ की साहित्यिक प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की संभावनाएं भी बढ़ी हैं।

उन्होंने साहित्य, कला और संस्कृति के संरक्षण एवं प्रोत्साहन के लिए राज्य सरकार की पहल की सराहना की। साहित्यकारों ने पिछले वर्ष के सफल आयोजन के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय, राज्य सरकार और आयोजन समिति के प्रति आभार जताते हुए आगामी आयोजन में सक्रिय सहभागिता का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सभी साहित्यकारों और आयोजन समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि सामूहिक प्रयासों से रायपुर साहित्य उत्सव छत्तीसगढ़ की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार श्री पंकज झा, मुख्यमंत्री के सलाहकार श्री आर. कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष श्री शशांक शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रेस अधिकारी श्री आलोक सिंह, जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव श्री रजत बंसल सहित प्रदेशभर से आए वरिष्ठ साहित्यकार, कवि, कवयित्रियां, लेखक एवं साहित्य जगत से जुड़े गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts