रायपुर,25 नवम्बर 2026
धनंजय राठौर, संयुक्त संचालक, जनसंपर्क
स्वास्थ्य किसी भी समाज और राज्य के विकास की आधारशिला है। गंभीर बीमारियों के इलाज में होने वाला भारी खर्च गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए बड़ी चुनौती बन जाता है। ऐसे में केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना छत्तीसगढ़ में लाखों परिवारों के लिए राहत और सुरक्षा का माध्यम बन रही है। राज्य सरकार ने इस योजना को अपनी स्वास्थ्य योजनाओं के साथ एकीकृत कर शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना के रूप में प्रभावी ढंग से लागू किया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में योजना का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी पात्र नागरिक का इलाज न रुके।
2 करोड़ 49 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बने
छत्तीसगढ़ में आयुष्मान योजना का विस्तार लगातार हो रहा है। राज्य में कुल 2 करोड़ 71 लाख 11 हजार 762 आयुष्मान कार्ड बनाने के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 2 करोड़ 49 लाख 18 हजार 115 कार्ड बनाए जा चुके हैं। यह लक्ष्य का 91.9 प्रतिशत है। सूरजपुर जिला 21 लाख 93 हजार 647 आयुष्मान कार्ड बनाकर 97 प्रतिशत उपलब्धि के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।
राज्य सरकार ने राशन कार्ड के माध्यम से अधिक से अधिक परिवारों को योजना के दायरे में लाने का प्रयास किया है। इसके तहत पात्र परिवारों को देशभर के पंजीकृत सरकारी और निजी अस्पतालों में कैशलेस एवं निःशुल्क इलाज की सुविधा मिलती है।
नियद नेल्लानार 2.0 के तहत दूरस्थ क्षेत्रों में भी पहुंचा लाभ
दूरस्थ वनांचल और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुरक्षा का दायरा बढ़ाने के लिए नियद नेल्लानार 2.0 के तहत विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, कांकेर, नारायणपुर, बस्तर, कोंडागांव, गरियाबंद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और छुईखदान क्षेत्रों में 93 प्रतिशत राशन कार्डधारी हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।
योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए वर्ष 2021 में छत्तीसगढ़ को छह श्रेणियों में से चार श्रेणियों में पुरस्कार मिले थे। इनमें तीन पुरस्कार आयुष्मान कार्ड पंजीयन और एक पुरस्कार लैंगिक समानता के लिए प्रदान किया गया था।
मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से गंभीर बीमारियों के इलाज में मदद
आयुष्मान योजना के तहत अंत्योदय, प्राथमिकता वाले राशन कार्डधारकों और केंद्रीय सूची में शामिल परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जाता है। वहीं अन्य पात्र सामान्य राशन कार्डधारी परिवारों को राज्य योजना के अंतर्गत 50 हजार रुपये तक की चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
इसके अलावा गंभीर और दुर्लभ बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत पात्र हितग्राहियों को इलाज के लिए अधिकतम 25 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता देने का प्रावधान है। इसमें लिवर प्रत्यारोपण, किडनी ट्रांसप्लांट, हृदय रोग, कैंसर, कोक्लियर इम्प्लांट और दुर्लभ आनुवंशिक बीमारियों के इलाज में सहायता दी जाती है।
जनवरी 2024 से अब तक इस योजना के तहत 3,281 हितग्राहियों के लिए कुल 203.07 करोड़ रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इसमें कैंसर के 2,476 मामलों में 115.48 करोड़ रुपये, बोन मैरो ट्रांसप्लांट के 205 मामलों में 27.06 करोड़ रुपये, डायलिसिस के 686 मामलों में 17.18 करोड़ रुपये और हृदय संबंधी उपचार के 371 मामलों में 17.08 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त किडनी ट्रांसप्लांट के 144 मामलों में 5.41 करोड़ रुपये और लिवर ट्रांसप्लांट के 31 मामलों में 5.57 करोड़ रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है। इस तरह योजना गंभीर बीमारियों से जूझ रहे अनेक परिवारों के लिए बड़ी राहत बन रही है।
70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर
वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को, उनकी आय और सामाजिक स्थिति की परवाह किए बिना, 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क स्वास्थ्य कवर दिया जा रहा है।
इस योजना में पहले से मौजूद बीमारियों का इलाज भी कार्ड बनने के पहले दिन से कवर होता है। अस्पताल में भर्ती होने से पहले की जांच, दवाइयां और डिस्चार्ज के बाद का फॉलोअप खर्च भी निर्धारित पैकेज में शामिल है।
राज्य में 8 लाख 71 हजार 717 के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 6 लाख 23 हजार 220 आयुष्मान वय वंदना कार्ड बनाए जा चुके हैं। यह लक्ष्य का 71.5 प्रतिशत है। बस्तर जिला 89.8 प्रतिशत उपलब्धि के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान पर है।
दूरस्थ क्षेत्रों के मरीजों को भी मिल रहा बेहतर इलाज
छत्तीसगढ़ जनजातीय बहुल और ग्रामीण आबादी वाला राज्य है। ऐसे में महंगे निजी अस्पतालों में इलाज कराना कई परिवारों के लिए मुश्किल होता था। आयुष्मान कार्ड ने इस आर्थिक बाधा को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
अब बस्तर और सरगुजा जैसे दूरस्थ वनांचलों के नागरिक भी रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग सहित देश के अन्य बड़े शहरों के पंजीकृत अस्पतालों में हृदय रोग, कैंसर, किडनी डायलिसिस, घुटना प्रत्यारोपण और न्यूरोसर्जरी जैसी गंभीर बीमारियों का निःशुल्क इलाज करा सकते हैं।
इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में उप स्वास्थ्य केंद्रों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां प्राथमिक उपचार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी बीमारियों की नियमित जांच तथा टेली-कंसल्टेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
घर बैठे बनवा सकते हैं आयुष्मान कार्ड
प्रशासन ने आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को सरल और डिजिटल बनाया है। पात्र नागरिक अपने स्मार्टफोन में Ayushman App डाउनलोड करके या आधिकारिक वेबसाइट beneficiary.nha.gov.in पर जाकर आधार और राशन कार्ड के माध्यम से ई-केवाईसी पूरा कर सकते हैं। इसके बाद आयुष्मान कार्ड बनाया और डाउनलोड किया जा सकता है।
ऑफलाइन कार्ड बनवाने के लिए नजदीकी चॉइस सेंटर, लोक सेवा केंद्र या पंजीकृत सरकारी एवं निजी अस्पतालों में मौजूद आयुष्मान मित्र से संपर्क किया जा सकता है। योजना से संबंधित सहायता और शिकायत के लिए 104 या राष्ट्रीय टोल-फ्री हेल्पलाइन 14555 पर संपर्क किया जा सकता है।
स्वस्थ छत्तीसगढ़ की दिशा में मजबूत कदम
छत्तीसगढ़ में आयुष्मान योजना ने गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को इलाज के खर्च की चिंता से राहत देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने, निजी अस्पतालों में क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया तेज करने और दूरस्थ क्षेत्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में अभी और प्रयासों की जरूरत है।
कुल मिलाकर, आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना छत्तीसगढ़ के लाखों परिवारों के लिए जीवनरक्षक सुरक्षा कवच बन रही हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य स्पष्ट है कि पैसे की कमी के कारण किसी भी पात्र नागरिक को इलाज से वंचित न रहना पड़े। यह पहल स्वस्थ छत्तीसगढ़ और समृद्ध छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।


