रायपुर,25 नवम्बर 2026
छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात प्रवास के दौरान गांधीनगर के ग्राम करई स्थित नन्द घरों (आंगनबाड़ी केंद्रों) का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और देखभाल से जुड़ी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए किए जा रहे प्रयासों को करीब से समझा।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने नन्द घरों में बच्चों की गतिविधियों, सीखने के वातावरण और उन्हें मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को पोषण, शिक्षा और सुरक्षित बचपन उपलब्ध कराना बेहद महत्वपूर्ण है। नन्द घर केवल सेवा केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के शुरुआती विकास और माताओं तक जरूरी सहयोग पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। यहां मिलने वाली देखभाल और सीखने का वातावरण बच्चों के आत्मविश्वास एवं सर्वांगीण विकास की नींव मजबूत करता है।
इस दौरान मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने गांधीनगर स्थित सचिवालय में गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. मनीषा राजीवभाई वकील से सौजन्य मुलाकात भी की। बैठक में दोनों राज्यों में संचालित महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं, आंगनबाड़ी सेवाओं और विभागीय व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई। मंत्री राजवाड़े ने गुजरात में योजनाओं के क्रियान्वयन और बच्चों एवं महिलाओं के हित में अपनाई जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के सामरी विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती उद्धेश्वरी पैकरा, गुजरात महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव श्री राकेश शंकर तथा छत्तीसगढ़ की विभागीय संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव भी उपस्थित रहीं।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का यह दौरा दोनों राज्यों के बीच अनुभवों और बेहतर कार्यप्रणालियों को साझा करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गुजरात के नन्द घरों में देखी गई व्यवस्थाओं और नवाचारों से छत्तीसगढ़ के आंगनबाड़ी केंद्रों को और बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। इससे प्रदेश के बच्चों तक बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और संवेदनशील देखभाल पहुंचाने के प्रयासों को नई दिशा मिलेगी।


