रायपुर,26 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर रायपुर के छह वर्षीय छयांश को पैरों के ऑपरेशन और बेहतर उपचार के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में बच्चे के पिता अमित कोटांगले अपनी बुजुर्ग मां हिरकना बाई कोटांगले के साथ बेटे के इलाज के लिए मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बच्चे का ऑपरेशन नहीं हो पा रहा था। मुख्यमंत्री ने परिवार की परेशानी को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को तत्काल उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

जन्म से ही पैरों में है चलने-फिरने की समस्या

रायपुर के आमानाका क्षेत्र के कुकुरबेड़ा निवासी अमित कोटांगले ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके दोनों बच्चों को जन्म से ही पैरों में चलने-फिरने की समस्या है। काफी कठिनाइयों के बीच उन्होंने अपने बड़े बेटे का ऑपरेशन करवाया, जिसके बाद अब वह स्वस्थ है। लेकिन छोटे बेटे छह वर्षीय छयांश का ऑपरेशन आर्थिक तंगी के कारण नहीं हो पा रहा था।

पत्नी के निधन के बाद पिता पर दो बच्चों की जिम्मेदारी

अमित ने बताया कि उनकी पत्नी का निधन हो चुका है। ऐसे में दोनों बच्चों की परवरिश और घर की जिम्मेदारी वे अपनी बुजुर्ग माता और बहन के साथ मिलकर संभाल रहे हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों के बीच छोटे बेटे का इलाज कराना उनके लिए बड़ी चुनौती बन गया था। इसी उम्मीद के साथ वे जनदर्शन में मुख्यमंत्री से सहायता मांगने पहुंचे थे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए तत्काल उपचार के निर्देश

परिवार की कठिन परिस्थितियों को समझते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संवेदनशीलता दिखाई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बालक छयांश के पैरों के ऑपरेशन और बेहतर उपचार के लिए आवश्यक सहायता की तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देश पर बच्चे के उपचार के लिए सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

मुख्यमंत्री की इस पहल से आर्थिक तंगी के कारण बेटे का इलाज नहीं करा पा रहे परिवार को राहत मिली है। अब परिवार को छयांश के बेहतर उपचार और स्वस्थ भविष्य की उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts