रायपुर,26 नवंबर 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में उपचार के लिए आर्थिक सहायता की उम्मीद लेकर पहुंचे जरूरतमंदों को तत्काल राहत प्रदान की। मुख्यमंत्री ने आर्थिक परेशानियों के कारण इलाज कराने में असमर्थ तीन जरूरतमंदों को कुल 55 हजार रुपए की आर्थिक सहायता के चेक सौंपे। इसमें सात वर्षीय मोहम्मद आवान की नियमित थेरेपी के लिए 40 हजार रुपए की सहायता शामिल है।

सात वर्षीय आवान की थेरेपी के लिए दिए 40 हजार रुपए

जनदर्शन में रायपुर से अपने सात वर्षीय बेटे मोहम्मद आवान के उपचार के लिए पहुंचे मोहम्मद आरिफ ने मुख्यमंत्री को परिवार की आर्थिक परेशानियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि उनका बेटा ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से प्रभावित है। उसकी नियमित थेरेपी पर प्रतिमाह करीब 40 हजार रुपए खर्च होते हैं।

आरिफ ने बताया कि दुर्घटना में चोटिल होने के बाद वर्तमान में उनके पास रोजगार का कोई साधन नहीं है। ऐसे में परिवार का खर्च चलाने के साथ बेटे की नियमित थेरेपी का खर्च उठाना उनके लिए बेहद मुश्किल हो गया है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पिता की परेशानी को संवेदनशीलता से सुना और आवान की थेरेपी के लिए तत्काल 40 हजार रुपए का सहायता चेक प्रदान किया। उन्होंने बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की। इस सहायता से परिवार को आवान की थेरेपी जारी रखने में मदद मिलेगी।

पाटन के ज्ञानेश साहू को उपचार के लिए मिले 10 हजार रुपए

इसी जनदर्शन में पाटन से पहुंचे ज्ञानेश कुमार साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे पेट संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित हैं। आर्थिक तंगी के कारण उनका उपचार नहीं हो पा रहा है। उन्होंने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग की। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्या सुनकर तत्काल 10 हजार रुपए का सहायता चेक प्रदान किया।

70 वर्षीय नरसिंह सोलंकी को भी मिली आर्थिक सहायता

रायपुर के फूल चौक निवासी 70 वर्षीय नरसिंह सोलंकी के उपचार के लिए भी मुख्यमंत्री ने मदद उपलब्ध कराई। मुख्यमंत्री ने उनकी बेटी ऋषिका सोलंकी को इलाज के लिए 5 हजार रुपए की सहायता राशि का चेक सौंपा।

जनदर्शन के माध्यम से आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे मुख्यमंत्री के सामने रखने का अवसर मिल रहा है। जरूरतमंदों की समस्याएं सुनकर तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की यह पहल उनके उपचार में आर्थिक बाधाओं को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts