CG News: पुलिस की नाकेबंदी देख गाड़ियां छोड़कर भागे तस्कर, दो कारों से 565 किलो गांजा जब्त
मनेंद्रगढ़ , 5 जून 2026
छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पोड़ी थाना क्षेत्र के नागपुर चौकी पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान दो कारों से 565 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस को देखकर तस्कर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 56 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
गुप्त सूचना पर की गई नाकेबंदी
पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र से होकर मादक पदार्थों की बड़ी खेप गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर नागपुर चौकी पुलिस ने इलाके में सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान दो संदिग्ध कारें पुलिस चेकिंग पॉइंट की ओर आती दिखाई दीं।
पुलिस की मौजूदगी देखकर दोनों वाहनों में सवार तस्करों में हड़कंप मच गया। गिरफ्तारी के डर से आरोपी सड़क किनारे कारें छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने तत्काल दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर तलाशी शुरू की।
एक कार में 300 किलो, दूसरी में 265 किलो गांजा
वाहनों की जांच के दौरान पुलिस को बड़ी मात्रा में गांजा मिला। अधिकारियों की मौजूदगी में जब्त मादक पदार्थ का वजन कराया गया, जिसमें पहली कार से 300 किलोग्राम और दूसरी कार से 265 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इस तरह कुल 565 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया गया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों कारों और गांजे की खेप को जब्त कर अज्ञात तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वाहन नंबर और इंजन-चेसिस नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
तस्करी नेटवर्क की जांच तेज
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ पूरे तस्करी नेटवर्क और इसके पीछे जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं।
Hindi 






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































