रायपुरवासियों को झटका: नगर निगम ने बढ़ाया यूजर चार्ज, अब देना होगा अधिक शुल्क
रायपुर, 2 जून 2026
राजधानी रायपुर के नागरिकों को नगर निगम ने बड़ा झटका दिया है। रायपुर नगर निगम ने संपत्तिकर के साथ वसूले जाने वाले यूजर चार्ज में बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया है। नए आदेश के तहत अब आवासीय और व्यावसायिक दोनों श्रेणी के उपभोक्ताओं को पहले की तुलना में अधिक राशि चुकानी होगी।
नगर निगम के अनुसार, आवासीय संपत्तियों के यूजर चार्ज में सालाना 120 रुपये की वृद्धि की गई है। वहीं व्यावसायिक (कमर्शियल) संपत्तियों के लिए यह शुल्क सालाना 360 रुपये बढ़ाया गया है। बढ़ी हुई राशि संपत्तिकर के साथ ही वसूली जाएगी।
नगर निगम का कहना है कि शहर में सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण और अन्य नागरिक सुविधाओं के बेहतर संचालन के लिए यूजर चार्ज में संशोधन किया गया है।
कांग्रेस ने किया विरोध
यूजर चार्ज में वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने विरोध जताया है। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना उचित नहीं है। उन्होंने घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था और सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले शहर की स्वच्छता व्यवस्था में सुधार किया जाए, उसके बाद शुल्क वृद्धि पर विचार किया जाए।
आकाश तिवारी ने आरोप लगाया कि शहर के 70 वार्डों में स्वच्छता सुधार के बजाय दीवारों की पेंटिंग और प्रचार पर लाखों रुपये खर्च किए गए हैं। उन्होंने महापौर और परिषद से इस निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
Hindi 




















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































