# Tags
#राज्य

इंद्रावती टाइगर रिजर्व का अनूठा अभियान: ‘एक पेड़ मां के नाम’ से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

1780905482 a315c23a57c3aa4fb876

रायपुर / बीजापुर, 8 जून 2026

पर्यावरण दिवस के अवसर पर इंद्रावती टाइगर रिजर्व द्वारा बीजापुर जिले के ग्राम नैमेड़ में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और स्थानीय समुदायों को प्रकृति संरक्षण से जोड़ना है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न देशी प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया और उपस्थित लोगों ने उनकी सुरक्षा व नियमित देखभाल का संकल्प लिया। साथ ही प्रतिभागियों को वन्यजीव संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा, अवैध वन्यजीव व्यापार की रोकथाम तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

वन अधिकारियों ने वृक्षारोपण और वन संरक्षण की महत्ता बताते हुए कहा कि वन, वन्यजीव और स्थानीय समुदाय एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने अभियान के माध्यम से लोगों को अपनी मां के सम्मान में पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर स्थानीय ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। अभियान के तहत समुदाय आधारित वन प्रबंधन और जनजागरूकता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास किए गए।

यह कार्यक्रम फील्ड डायरेक्टर सुश्री स्टायलो मंडावी एवं उप संचालक श्री संदीप बलगा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पेट्रोलिंग गार्ड तथा विभिन्न ईको डेवलपमेंट कमेटियों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *