मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र की चेराजोबला बस्ती में पेयजल संकट से जुड़ी खबर पर त्वरित संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने समाचार पत्र में प्रकाशित “नाला और ढोढ़ी के दूषित जल पर आज भी निर्भर हैं वनवासी” शीर्षक खबर को गंभीरता से लेते हुए सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत को फोन कर तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित बस्ती का तत्काल स्थलीय निरीक्षण किया जाए और आवश्यकतानुसार हैंडपंप खनन, वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था तथा स्थायी समाधान की दिशा में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

CM साय ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना राज्य शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से विशेष पिछड़ी जनजातियों के निवास वाले इलाकों में पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं की नियमित समीक्षा करने को भी कहा।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि शासन का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका वास्तविक लाभ जमीनी स्तर पर लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने प्रशासन को संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts