रायपुर, 22 सितंबर 2026
किसानों को धान उपार्जन के दौरान बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भटगांव विधानसभा क्षेत्र के 7 धान उपार्जन केंद्रों में पक्के फड़ निर्माण और समतलीकरण कार्य को मंजूरी मिली है। भटगांव विधायक एवं कैबिनेट मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से इन कार्यों के लिए 69.58 लाख रुपए की स्वीकृति दी गई है।
इससे धान उपार्जन केंद्रों की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और किसानों को धान बेचने के दौरान अधिक व्यवस्थित एवं सुविधाजनक व्यवस्था मिल सकेगी।
इन 7 केंद्रों में होंगे विकास कार्य
स्वीकृत कार्यों में सूरजपुर विकासखंड के टमकी, सिरसी, करोटी बी, खोपो, बतरा, सांवारांवां और कुर्रीडीह स्थित धान उपार्जन केंद्र शामिल हैं। प्रत्येक केंद्र में 9.94 लाख रुपए की लागत से पक्के फड़ निर्माण एवं समतलीकरण का कार्य किया जाएगा।
धान खरीदी व्यवस्था होगी बेहतर
धान उपार्जन केंद्रों में पक्के फड़ और समतलीकरण होने से धान की आवक, खरीदी और रख-रखाव के दौरान होने वाली व्यावहारिक परेशानियों को कम करने में मदद मिलेगी। साथ ही किसानों को उपार्जन केंद्रों पर बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को गति देने के क्रम में यह स्वीकृति महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे धान उपार्जन केंद्रों की व्यवस्था मजबूत होने के साथ किसानों को अधिक सुविधाजनक उपार्जन व्यवस्था का लाभ मिलेगा।


