26 मई 2026 | पटना

बिहार की राजनीति में विधानसभा चुनाव के बाद दल-बदल का दौर जारी है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से निष्कासित नेता रितु जायसवाल ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। रितु जायसवाल लंबे समय तक राजद महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष रहीं और शिवहर लोकसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार भी रह चुकी हैं। बीजेपी में शामिल होने के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की योजनाओं की खुलकर सराहना की।

परिहार सीट से टिकट नहीं मिलने के बाद बढ़ी थी नाराजगी

रितु जायसवाल पिछले कुछ महीनों से राजद नेतृत्व, खासकर तेजस्वी यादव से नाराज चल रही थीं। नाराजगी की मुख्य वजह 2025 बिहार विधानसभा चुनाव में परिहार सीट से टिकट नहीं मिलना बताया जा रहा है। टिकट कटने के बाद उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने अनुशासनहीनता का आरोप लगाते हुए उन्हें छह साल के लिए RJD से निष्कासित कर दिया था।

बीजेपी में शामिल होते ही मोदी सरकार की तारीफ

बीजेपी की सदस्यता लेने के बाद रितु जायसवाल ने कहा कि भाजपा राष्ट्र को सर्वोपरि मानने वाली पार्टी है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के लिए अच्छा काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं समाज की आखिरी पंक्ति तक पहुंच रही हैं और इसी सोच से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा ज्वॉइन करने का फैसला लिया है।

बिहार की राजनीति में बढ़ सकती है हलचल

रितु जायसवाल को बिहार में “मुखिया दीदी” के नाम से भी जाना जाता है और ग्रामीण राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। ऐसे में उनके भाजपा में शामिल होने को आगामी राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। राजनीतिक जानकार इसे बिहार में भाजपा की सामाजिक और महिला नेतृत्व को मजबूत करने की रणनीति से भी जोड़कर देख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts