नॉर्थ 24 परगना में TMC नेता के ठिकानों पर छापेमारी, 80 लाख कैश और राहत सामग्री बरामद
26 मई 2026 | कोलकाता
पश्चिम बंगाल के नॉर्थ 24 परगना जिले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता और बदुरिया म्युनिसिपालिटी के चेयरमैन दीपांकर भट्टाचार्य के कई ठिकानों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान उनके घर, पार्टी कार्यालय और एक कंप्यूटर सेंटर से करीब 80 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने राहत सामग्री के कथित गबन और भ्रष्टाचार के आरोप में दीपांकर भट्टाचार्य को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के बाद पुलिस ने उनके घर को सील कर ताला लगा दिया है।
भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद देर रात छापेमारी
जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात बादुरिया पुलिस स्टेशन की टीम ने दीपांकर भट्टाचार्य के विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। पुलिस को एक कंप्यूटर सेंटर में घुसने के लिए ताला तोड़ना पड़ा। तलाशी के दौरान अलग-अलग जगहों से लगभग 80 लाख रुपये नकद बरामद किए गए, जिसका संतोषजनक हिसाब नहीं मिल पाया। इसके अलावा राहत सामग्री भी बरामद हुई, जिसके गबन के आरोप लगाए गए हैं।
पूछताछ जारी, आज कोर्ट में पेशी
पुलिस ने दीपांकर भट्टाचार्य को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक उन्हें आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। पश्चिम बंगाल में हाल के दिनों में भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर कई नेताओं और अधिकारियों पर कार्रवाई की जा रही है, जिसके बीच यह कार्रवाई भी अहम मानी जा रही है।
ED ने कोलकाता पुलिस अधिकारी के घर भी मारा छापा
इसी बीच प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मुर्शिदाबाद जिले के कांदी शहर में कोलकाता पुलिस के डीसी रैंक अधिकारी शांतनु सिन्हा बिस्वास के घर पर भी दोबारा छापेमारी की। बताया गया कि ED की टीम ने उनके घर और परिसर की तलाशी ली, जहां केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी। अधिकारियों की नजर घर परिसर में बने तालाब और वहां लगे CCTV कैमरों पर भी रही।
Hindi 


































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































