दिल्ली के नेहरू प्लेस में 2 युवतियों से छेड़छाड़ और मारपीट, 4 आरोपी हिरासत में
12 मई 2026 | नई दिल्ली
दक्षिण दिल्ली के नेहरू प्लेस इलाके में दो युवतियों के साथ छेड़छाड़, मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना 11 मई की सुबह करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित युवतियों में एक असम और दूसरी बिहार की रहने वाली है। दोनों का आरोप है कि क्लब के बाहर कुछ युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज की, कपड़े फाड़े और मारपीट की।
चाय की दुकान पर शुरू हुआ विवाद
पीड़ित युवतियों के मुताबिक, वे सड़क किनारे एक चाय की दुकान पर बैठकर चाय पी रही थीं, तभी कुछ युवक वहां पहुंचे और उनका पीछा करने लगे। युवकों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद बहस शुरू हुई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ आरोपी कथित तौर पर नशे की हालत में दिखाई दे रहे हैं।
पीड़ितों ने पुलिस पर लगाया मदद न करने का आरोप
युवतियों का आरोप है कि घटना में कुल 7 लोग शामिल थे, लेकिन पुलिस ने केवल 4 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की। पीड़ितों ने दावा किया कि शुरुआत में पुलिस ने उनकी शिकायत पर मदद नहीं की, जिसके बाद उन्होंने नॉर्थ-ईस्ट सेल में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई।
4 आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी
दिल्ली पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान मोहम्मद फहद, मोहम्मद शावेज, मोहम्मद आरिफ और अमन उर्फ मोहम्मद फहीम उर्फ काला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी अलग-अलग निजी कामों से जुड़े हुए हैं और दक्षिण दिल्ली तथा जामिया नगर इलाके के रहने वाले हैं।
कई धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इनमें मारपीट, महिला के साथ अभद्रता, पीछा करने, आपराधिक धमकी और समान मंशा से अपराध करने जैसी धाराएं शामिल हैं। दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज करने में देरी के आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि मामले की जांच जारी है।
Hindi 













































































































































































































































































































































































































































































































































































































