रायपुर, 21 नवंबर 2026

छत्तीसगढ़ का जशपुर जिला साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। जिले के पांच आदिवासी युवाओं का अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड्स इंस्टीट्यूट (PCGI) के अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। यह उपलब्धि जशपुर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साहसिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

प्रशिक्षण के लिए चयनित युवाओं में तेजल भगत, रुसनाथ भगत, सचिन कुजूर, प्रतीक नायक और रवि सिंह शामिल हैं। इन युवाओं को दिसंबर 2026 में बेंगलुरु में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में रॉक क्लाइंबिंग की आधुनिक तकनीकों, सुरक्षा मानकों और पेशेवर गाइडिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह कार्यक्रम भारत के प्रमुख रॉक क्लाइंबिंग आयोजनों में शामिल ROMP के साथ आयोजित होगा।

प्रशिक्षण और मूल्यांकन सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद चार युवाओं को PCGI लेवल-1 और एक युवा को लेवल-2 प्रमाणन मिलने की उम्मीद है। इससे जशपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षित रॉक क्लाइंबिंग गाइडों की टीम तैयार होगी। यह मध्य भारत के पर्यटन क्षेत्र के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।

मुख्यमंत्री साय बोले- समुदाय की भागीदारी से वैश्विक साहसिक पर्यटन केंद्र बनेगा जशपुर

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गाइड प्रमाणन की सुविधा उपलब्ध होने से जशपुर एक नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि दूरदर्शी प्रशासन और समुदाय की भागीदारी से भारत को वैश्विक स्तर पर एक भरोसेमंद साहसिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों की प्राकृतिक संपदा, स्थानीय प्रतिभाओं और पर्यटन की संभावनाओं को आजीविका के स्थायी अवसरों से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है। जशपुर के युवाओं का अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए चयन इसी प्रयास का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप तैयार होंगे स्थानीय गाइड

रॉक क्लाइंबिंग जैसे साहसिक खेलों में तकनीकी दक्षता, सुरक्षा उपकरणों की जानकारी और जोखिम प्रबंधन का विशेष महत्व होता है। ऐसे में PCGI के अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम से युवाओं को आधुनिक तकनीकों, सुरक्षा प्रक्रियाओं और पेशेवर गाइडिंग की कार्यप्रणाली सीखने का अवसर मिलेगा।

इससे जशपुर में साहसिक पर्यटन गतिविधियों का संचालन अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से किया जा सकेगा। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

वर्ष 2024 में शुरू हुई पहल ने दिलाई राष्ट्रीय पहचान

जशपुर में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित करने की पहल वर्ष 2024 की शुरुआत में तत्कालीन कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के नेतृत्व में शुरू हुई थी। इसका उद्देश्य जिले की प्राकृतिक एवं भौगोलिक विशेषताओं का उपयोग कर आदिवासी युवाओं की प्रतिभा को पहचानना और उन्हें साहसिक खेलों में प्रशिक्षित करना था।

इस पहल को आगे बढ़ाने में छत्तीसगढ़ की माउंटेन गाइडिंग एवं आउटडोर प्रशिक्षण संस्था ‘पहाड़ी बकरा एडवेंचर’ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था ने युवाओं को शुरुआती स्तर से रॉक क्लाइंबिंग और पर्वतारोहण का प्रशिक्षण दिया। जिला प्रशासन के सहयोग से साहसिक पर्यटन के दीर्घकालिक विकास की कार्ययोजना भी तैयार की गई।

निरंतर अभ्यास और प्रशिक्षण के जरिए इन युवाओं ने अपनी तकनीकी दक्षता विकसित की और राष्ट्रीय स्तर के साहसिक अभियानों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

हिमालय की 5,340 मीटर ऊंची चोटी पर बनाया ‘विष्णु देव रूट’

जशपुर के युवाओं ने वर्ष 2025 में ट्राइबल हिमालयन एक्सपीडिशन के दौरान अपनी पर्वतारोहण क्षमता का परिचय दिया था। इस अभियान में टीम ने हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में स्थित 5,340 मीटर ऊंचे जगत्सुख-1 शिखर पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की।

इस दौरान टीम ने एक नया चढ़ाई मार्ग तैयार किया, जिसका नाम मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सम्मान में ‘विष्णु देव रूट’ रखा गया। युवाओं ने अल्पाइन शैली में पर्वतारोहण करते हुए साहस, अनुशासन, टीम भावना और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। इस अभियान को 15 से अधिक प्रायोजकों का सहयोग मिला था।

वहीं, वर्ष 2026 में जशपुर के युवा पर्वतारोही तेजल भगत को CLAW की ओर से प्रायोजन प्राप्त हुआ। इन उपलब्धियों से जशपुर के युवाओं की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुई है।

साहसिक पर्यटन से स्थानीय युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर

जशपुर जिले की प्राकृतिक सुंदरता, पहाड़ियां, चट्टानी क्षेत्र और समृद्ध जनजातीय संस्कृति साहसिक पर्यटन के विकास की व्यापक संभावनाएं रखते हैं। जिला प्रशासन इन संभावनाओं को स्थानीय युवाओं की आजीविका से जोड़ने के प्रयास कर रहा है।

रॉक क्लाइंबिंग में पेशेवर प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा गाइड, प्रशिक्षक और पर्यटन उद्यमी के रूप में अपना करियर बना सकेंगे। इससे उन्हें रोजगार के लिए दूसरे शहरों की ओर पलायन करने के बजाय अपने ही क्षेत्र में आजीविका के अवसर मिलेंगे।

अंतरराष्ट्रीय प्रमाणन प्राप्त करने के बाद ये युवा पेशेवर गाइड के रूप में पर्यटकों को सेवाएं दे सकेंगे। साथ ही अन्य युवक-युवतियों को भी इस क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

इको-कल्चरल पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो रहा जशपुर

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर को साहसिक एवं इको-कल्चरल पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इस पहल में स्थानीय जनजातीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।

जिला प्रशासन के सहयोग से विकसित आउटडोर एडवेंचर सेक्टर का संचालन स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित आदिवासी युवाओं के स्वामित्व वाले निजी उद्यम के माध्यम से किया जा रहा है। इससे युवाओं को केवल रोजगार ही नहीं, बल्कि पर्यटन गतिविधियों के संचालन, प्रबंधन और उद्यमिता से भी जोड़ा जा रहा है।

पर्यटन विकास के साथ प्राकृतिक पर्यावरण, जैव विविधता और जनजातीय संस्कृति के संरक्षण पर भी ध्यान दिया जा रहा है। होमस्टे सुविधाओं, अंतरराष्ट्रीय साहसिक पर्यटन आयोजनों और अक्टूबर में आयोजित होने वाले युवा महोत्सव के माध्यम से जिले की पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है।

रॉक क्लाइंबिंग के अलावा मोटरबाइक अभियान, कृषि पर्यटन और स्थानीय जनजातीय परंपराओं एवं जीवनशैली से जुड़े अनुभवों को भी पर्यटन गतिविधियों में शामिल किया जा रहा है।

जशपुर के पांच आदिवासी युवाओं का अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए चयन स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर और संस्थागत सहयोग मिलने का उदाहरण है। इससे जनजातीय युवाओं के कौशल विकास, आत्मनिर्भरता और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ जशपुर को साहसिक पर्यटन के अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर स्थापित करने में मदद मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts