रायपुर में IPL के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट का लगेगा तड़का, जिम्बाब्वे के खिलाफ भारतीय महिला टीम खेलेगी 3 मैच
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर एक बार फिर क्रिकेट के बड़े मुकाबलों की मेजबानी करने जा रही है। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में इस साल आईपीएल के बाद इंटरनेशनल महिला टी-20 मुकाबलों का रोमांच देखने को मिलेगा।
बीसीसीआई ने आगामी सीजन का शेड्यूल जारी कर दिया है, जिसके तहत भारतीय सीनियर महिला क्रिकेट टीम अक्टूबर महीने में जिम्बाब्वे महिला टीम की मेजबानी करेगी। दोनों देशों के बीच यह पहली द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय सीरीज होगी। सीरीज में कुल 6 सफेद गेंद के मुकाबले खेले जाएंगे।
रायपुर में तीन टी-20 मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जबकि वडोदरा में तीन वनडे मैच खेले जाएंगे। अब तक शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में केवल भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने मुकाबले खेले हैं। यह पहली बार होगा जब भारतीय महिला क्रिकेट टीम यहां कोई अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी।
जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम का यह दौरा ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि यह उनका पहला भारत दौरा होगा। दोनों टीमों के बीच अब तक मुकाबले केवल आईसीसी टूर्नामेंट और क्वालिफायर प्रतियोगिताओं में ही हुए हैं। भारतीय महिला टीम ने भी अब तक जिम्बाब्वे का दौरा नहीं किया है।
बीसीसीआई आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों को ध्यान में रखते हुए महिला क्रिकेट में द्विपक्षीय सीरीज की संख्या बढ़ा रही है। वर्ष 2027 में श्रीलंका में महिला टी-20 चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन होना है, ऐसे में इस सीरीज को दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
\
Hindi 













































































































































































































































































































































































































































































































































































































