# Tags
#All #राज्य

सीएम हेल्पलाइन 1076 ने 24 घंटे में दिलाया न्याय, सेवक राम के बच्चों का जाति प्रमाण पत्र हुआ जारी

रायपुर, 15 जुलाई 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनकर उभरी है। इसका ताजा उदाहरण गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा विकासखंड स्थित ग्राम पतगवा के निवासी सेवक राम का मामला है, जिनकी लंबे समय से लंबित समस्या का समाधान महज 24 घंटे में कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, सेवक राम अपने बच्चों के जाति एवं आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लंबे समय से संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगा रहे थे। आवेदन करने के बावजूद प्रमाण पत्र जारी नहीं होने से बच्चों को शैक्षणिक सुविधाओं, शासकीय योजनाओं और अन्य जरूरी कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

कई प्रयासों के बाद भी समाधान नहीं मिलने पर उन्होंने सीएम हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही संबंधित विभाग ने गंभीरता से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर बच्चों का जाति प्रमाण पत्र जारी कर दिया।

समस्या के त्वरित समाधान से भावुक सेवक राम ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनकी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान इतनी जल्दी हो जाएगा। सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज करने के बाद प्रशासन ने संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए उन्हें समय पर राहत प्रदान की।

राज्य सरकार का कहना है कि सीएम हेल्पलाइन 1076 केवल शिकायत दर्ज करने का मंच नहीं, बल्कि पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित सुशासन का प्रभावी माध्यम बन चुकी है, जो प्रशासन और जनता के बीच विश्वास को लगातार मजबूत कर रही है।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *