कोरबा, 25 जून 2026

जिले में अवैध रेत ढुलाई के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सोन नदी से रेत लेकर लौट रहा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम मड़वारानी की है।

जानकारी के अनुसार, शिवकुमार पटेल (29 वर्ष), अमित कुमार और अन्य युवक ट्रैक्टर में रेत भरकर सोन नदी से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम जर्वे के पास तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया।

हादसे में शिवकुमार पटेल ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक अमित कुमार और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों को सौंप दिया।

पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से सोन नदी से अवैध रेत उत्खनन और तस्करी का काम जारी है, जिस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts