25 मई 2026 | मुंबई

आईपीएल 2026 का प्लेऑफ शुरू होने से पहले ही एक बड़ा इतिहास बनना तय हो गया है। राजस्थान रॉयल्स की मुंबई इंडियंस पर जीत के साथ प्लेऑफ की चारों टीमें तय हो चुकी हैं, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस, सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स शामिल हैं। खास बात यह है कि इन चारों टीमों ने अब तक सिर्फ एक-एक बार आईपीएल ट्रॉफी जीती है। ऐसे में इस सीजन का चैंपियन दूसरी बार खिताब जीतकर चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के उस खास क्लब में शामिल हो जाएगा, जिसने आईपीएल ट्रॉफी एक से ज्यादा बार अपने नाम की है।

चारों टीमों के पास दूसरा खिताब जीतने का मौका
डिफेंडिंग चैंपियन RCB ने 2025 में अपना पहला आईपीएल खिताब जीता था और इस बार लीग स्टेज में टॉप पर रहते हुए प्लेऑफ में पहुंची। गुजरात टाइटंस 2022 की चैंपियन रही है, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद ने 2016 और राजस्थान रॉयल्स ने 2008 में अपना पहला खिताब जीता था। अब इन चारों में से जो भी टीम ट्रॉफी जीतेगी, वह दूसरी बार चैंपियन बनकर आईपीएल इतिहास में नया अध्याय जोड़ देगी।

RCB ने मुंबई इंडियंस की बराबरी की
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल इतिहास में 11वीं बार प्लेऑफ में पहुंचकर मुंबई इंडियंस की बराबरी कर ली है। सबसे ज्यादा 12 बार प्लेऑफ खेलने का रिकॉर्ड चेन्नई सुपर किंग्स के नाम है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद और KKR 8-8 बार, राजस्थान रॉयल्स 7 बार, दिल्ली कैपिटल्स 6 बार और गुजरात टाइटंस 4 बार टॉप-4 में पहुंच चुकी हैं।

26 मई से शुरू होंगे प्लेऑफ मुकाबले
आईपीएल 2026 प्लेऑफ की शुरुआत 26 मई से होगी। धर्मशाला में खेले जाने वाले क्वालिफायर-1 में RCB और गुजरात टाइटंस आमने-सामने होंगी। इसके बाद 27 मई को मुल्लांपुर में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा। क्वालिफायर-2 का मैच 29 मई को होगा, जबकि 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts