# Tags
#All #अपराध / कानून

ट्विशा शर्मा का दोबारा पोस्टमार्टम करेगी दिल्ली AIIMS की टीम, हाईकोर्ट के आदेश के बाद मामले में नया मोड़

twisha 1779444278

22 मई 2026 | भोपाल

अभिनेत्री ट्विशा शर्मा मौत मामले में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए दिल्ली AIIMS की मेडिकल टीम से दोबारा पोस्टमार्टम कराने की अनुमति दे दी है। कोर्ट ने ट्विशा के परिजनों की याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। इस बीच, फरार चल रहे ट्विशा के पति समर्थ सिंह ने भी अदालत के सामने सरेंडर करने की तैयारी जताई है। उनके वकील ने हाईकोर्ट में यह जानकारी देते हुए अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली। 12 मई 2026 को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित ससुराल में ट्विशा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी, जिसके बाद यह मामला लगातार विवादों और आरोप-प्रत्यारोपों में घिरा हुआ है।

ससुराल पक्ष बोला- “बहू थी, अंतिम संस्कार हमारा फर्ज”

मामले के बीच ट्विशा शर्मा की सास और पूर्व जज गिरिबाला सिंह तथा ट्विशा के भाई मेजर हर्षित शर्मा के बीच बातचीत का ऑडियो भी वायरल हुआ है। इस पर मेजर हर्षित शर्मा ने कहा कि ऑडियो असली है और उसमें कही गई बातें सच हैं। वहीं ससुराल पक्ष की ओर से कहा गया कि ट्विशा उनके परिवार की बहू थी और शव को लंबे समय तक नहीं रखा जा सकता, इसलिए अंतिम संस्कार कराना उनका फर्ज था।

मेजर हर्षित ने लगाए गंभीर आरोप

मेजर हर्षित शर्मा ने कहा कि बातचीत के दौरान उन्होंने सिर्फ सवाल पूछे थे, लेकिन गिरिबाला सिंह को सवाल किए जाने की आदत नहीं थी। उन्होंने दावा किया कि ट्विशा की सास को अपनी बातों में कुछ भी गलत नहीं लगा, जो बेहद हैरान करने वाला था। परिवार लगातार निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग कर रहा है।

मध्य प्रदेश सरकार ने CBI जांच की सिफारिश की

मध्य प्रदेश सरकार ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में CBI जांच की सिफारिश कर दी है। मेजर हर्षित शर्मा ने इसे निष्पक्ष जांच की दिशा में पहला बड़ा कदम बताया। उन्होंने कहा कि परिवार शुरू से ही पारदर्शी जांच और न्याय की मांग कर रहा था और यह लड़ाई अभी जारी है।

पति और सास पर दर्ज है मामला

पुलिस ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 80(2), 85, 3(5) और दहेज प्रतिषेध कानून के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस ने फरार समर्थ सिंह की गिरफ्तारी के लिए 30 हजार रुपये के इनाम की भी घोषणा की थी। हालांकि अब उनके वकील ने कहा है कि समर्थ जल्द अदालत में आत्मसमर्पण करेंगे।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *